Bihar: बिहार सरकार 1 अप्रैल से राज्य में गेहूं की खरीदारी शुरू करेगी। सहकारिता विभाग ने किसानों से गेहूं खरीदने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह खरीदारी पैक्सों और व्यापार मंडलों के माध्यम से की जाएगी और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर भुगतान किया जाएगा। इस साल केंद्र सरकार ने रबी विपणन मौसम 2026-27 के लिए गेहूं का MSP 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है। इस व्यवस्था से राज्य के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। राज्य में इस साल कुल गेहूं अधिप्राप्ति का लक्ष्य 0.18 लाख मीट्रिक टन रखा गया है।
किसानों को जागरूक किया जा रहा है
किसानों को उनके गेहूं का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए सहकारिता विभाग जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में विभाग ने राज्य के सभी जिलों में पैक्स और व्यापार मंडलों में निबंधित किसानों के साथ बैठकें आयोजित की हैं। इन बैठकों में किसानों को अधिप्राप्ति प्रक्रिया, निबंधन, भुगतान व्यवस्था और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
Bihar: 48 घंटे में भुगतान सुनिश्चित
बीते 21 जनवरी से कृषि विभाग के पोर्टल dbtagriculture.bihar.gov.in पर ऑनलाइन निबंधन शुरू हो चुका है। गेहूं बिक्री के बाद किसानों को 48 घंटों के भीतर पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से उनके बैंक खाते में भुगतान कर दिया जाएगा। किसान अपनी सुविधा के अनुसार पंचायत स्तर पर पैक्स या प्रखंड स्तर पर व्यापार मंडल में गेहूं बेच सकते हैं।
किसानों के लिए हेल्पलाइन
Bihar: किसान गेहूं बिक्री से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए अपने प्रखंड में पदस्थ सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी या संयुक्त निबंधक के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा गेहूं अधिप्राप्ति से संबंधित जानकारी के लिए किसान विभागीय हेल्पलाइन नंबर 0612-2200693 पर भी कॉल कर सकते हैं।
ये भी पढ़े: ईरान का बड़ा चेतावनी संदेश, “पहले हमला नहीं करते, लेकिन जवाब होगा बेहद कड़ा”







