UP News: गौमाता और सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना अब्दुल्ला सलीम पर आखिरकार बड़ा शिकंजा कस गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे बिहार के पूर्णिया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर उसे उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है।
वायरल वीडियो से मचा बवाल
दरअसल, मौलाना सलीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह एक मजहबी जलसे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां को लेकर विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणी करता नजर आया। वीडियो सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया और राजनीतिक से लेकर सामाजिक संगठनों तक में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
मामले ने जब जोर पकड़ा तो राजधानी लखनऊ में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। हजरतगंज, परिवर्तन चौक, गांधी पार्क सहित कई प्रमुख इलाकों में मौलाना के खिलाफ पोस्टर लगाए गए और उसकी गिरफ्तारी की मांग उठी। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पोस्टर हटवाए और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।

UP News: 120 से ज्यादा शिकायतें
सूत्रों के अनुसार, मौलाना सलीम के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 120 से ज्यादा एफआईआर और शिकायतें दर्ज की गई थीं। आरोप है कि उसने अपने भाषण में न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि प्रदेश में लागू गौकशी कानूनों पर भी तीखी और विवादित टिप्पणी की। जानकारी यह भी सामने आई है कि गिरफ्तारी की आशंका के बीच मौलाना ने अपने समर्थकों से सोशल मीडिया और सड़कों पर उतरकर विरोध करने की अपील की थी। इससे प्रशासन की चिंता और बढ़ गई थी, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया।
दो राज्यों की पुलिस अलर्ट पर
इस पूरे ऑपरेशन में बिहार पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच समन्वय देखने को मिला। गिरफ्तारी के बाद किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दोनों राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वायरल वीडियो, शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मौलाना को उत्तर प्रदेश लाकर उससे गहन पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होगी। फिलहाल, पूरे घटनाक्रम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़े… मुस्लिम युवक संग पकड़ी गई हिंदू युवती, पहन रखा था बुर्का, वाराणसी एयरपोर्ट पर CISF ने पकड़ा तो हुआ खुलासा







