US Israel Vs Iran Conflict: ईरान और अमेरिका के बीच 45 दिन के सीजफायर को लेकर बातचीत चल रही है। रिपोर्टों के अनुसार, यदि समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर बड़े हमलों की तैयारी कर रखी है।एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक, समझौते के पहले चरण में 45 दिन का सीजफायर लागू होगा। इस दौरान दोनों देशों के बीच स्थायी शांति समझौते पर बातचीत होगी।
इस प्रक्रिया में पाकिस्तान, मिस्र और तुर्की मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। मध्यस्थों का कहना है कि आने वाले 48 घंटे इस डील को अंतिम रूप देने का आखिरी मौका हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिका और इज़राइल ने ईरान के ऊर्जा और इन्फ्रास्ट्रक्चर ठिकानों पर हमलों की योजना तैयार कर रखी है। वहीं, ईरान फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट और अपने परमाणु कार्यक्रम जैसे अहम मुद्दों पर कोई बड़ी छूट देने को तैयार नहीं है।

ईरान ने ग्लोबल सप्लाई बंद करने की चेतावनी दी
ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका और इज़राइल के हमले बढ़े, तो वह वैश्विक सप्लाई चेन को रोक सकता है। अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने कहा कि वह केवल होर्मुज नहीं बल्कि अन्य समुद्री मार्गों को भी निशाना बना सकता है।
ईरानी सुप्रीम लीडर के सलाहकार अली अकबर वेलायती ने कहा कि किसी भी बड़ी कार्रवाई का जवाब सिर्फ सैन्य स्तर पर नहीं, बल्कि वैश्विक ऊर्जा और व्यापार पर प्रभाव डालकर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ही नहीं, बल्कि बाब-अल-मंदेब जैसे अहम समुद्री मार्ग भी खतरे में पड़ सकते हैं।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने का अल्टीमेटम दिया है और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।इसके पहले, ईरान के करीबी समझे जाने वाले यमन के हूती विद्रोही ने रेड सी में जहाजों पर हमलों की बात कही थी।

US Israel Vs Iran Conflict: ट्रम्प ने ईरान को धमकी दी
ट्रम्प ने ईरान को “बास्टर्ड” कहते हुए कहा कि यदि होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला गया, तो उन पर बड़ा हमला किया जाएगा। उन्होंने पावर प्लांट और पुलों पर हमले का भी संकेत दिया।
सोशल मीडिया पर ट्रम्प ने लिखा कि ईरान में मंगलवार को पावर प्लांट डे और ब्रिज डे एक साथ होगा, यानी हमला किया जाएगा। उनका कहना था कि ईरान यदि होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलेगा तो उसे नरक जैसे हालात का सामना करना पड़ेगा।
ईरान के मिसाइल हमलों के बाद इज़राइल में अलर्ट
ईरान के नए मिसाइल हमलों के बाद इज़राइल के दक्षिणी हिस्सों में सायरन बजाए गए। लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई।इज़राइली सेना के अनुसार, ईरान की ओर से एक और बैठिस्टिक मिसाइल लॉन्च का पता चला। इसके चलते विभिन्न इलाकों में सायरन बजाए गए ताकि लोग समय पर सुरक्षित स्थान पर पहुँच सकें। लगातार हमलों के बीच इज़राइल का एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया गया।
US Israel Vs Iran Conflict: इराक ने तेल खरीदारों से योजना मांगी
इराक ने अपने तेल खरीदारों से 24 घंटे में लोडिंग प्लान जमा करने के लिए कहा है। स्टेट ऑयल मार्केटिंग कंपनी (SOMO) ने बताया कि इससे क्रूड ऑयल के निर्यात में स्थिरता बनी रहेगी।
SOMO ने कहा कि ग्राहकों को शेड्यूल, जहाजों की जानकारी और कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार तय मात्रा 24 घंटे में बतानी होगी, ताकि शिपमेंट समय पर पूरी हो सके।कंपनी ने बताया कि बसरा ऑयल टर्मिनल समेत सभी लोडिंग सुविधाएं चालू हैं और सभी कॉन्ट्रैक्ट पूरे करने के लिए तैयार हैं।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया जब ईरान ने इराक को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दी है, जिससे तेल निर्यात फिर शुरू किया जा सकता है।इराक का उत्पादन पहले घटकर करीब 8 लाख बैरल प्रतिदिन रह गया था। अब निर्यात शुरू होने के बाद इराक वैश्विक बाजार में सप्लाई बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

अबू धाबी में मिसाइल मलबे से घायल
यूएई के अबू धाबी में मिसाइल के मलबे से एक विदेशी नागरिक घायल हुआ। घायल व्यक्ति घाना का नागरिक बताया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम ने हमला रोका, लेकिन मलबे से यह हादसा हुआ। घायल की स्थिति स्थिर है और इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें।
US Israel Vs Iran Conflict: ईरान ने हेवी वाटर प्लांट पर हमले की निंदा की
ईरान ने अपने हेवी वाटर प्लांट पर US-इज़राइल हमले की कड़ी निंदा की। ईरानी परमाणु ऊर्जा संस्था (AEOI) ने इसे विज्ञान और मानव स्वास्थ्य के खिलाफ अपराध बताया।
AEOI ने कहा कि हेवी वाटर और उसके उत्पाद दवाओं, इलाज और उन्नत उद्योगों के लिए अहम हैं। इसके बावजूद ईरान ने कहा कि उसकी वैज्ञानिक प्रगति रुकेगी नहीं और वह वैश्विक शांति और स्वास्थ्य के लिए काम करता रहेगा।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के अनुसार, 27 मार्च को हुए हमले के बाद खोंदाब का हेवी वाटर प्लांट बंद है। इसके पहले US और इज़राइल ने नतांज न्यूक्लियर साइट और बुशेहर प्लांट के आसपास भी हमले किए थे।








