Kisan Yojana Odisha: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को ‘सीएम-किसान योजना’ के तहत 41,68,582 किसानों को 838.48 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी गई।
पारंपरिक रस्म से कृषि सत्र की शुरुआत
कटक स्थित केंद्रीय चावल अनुसंधान संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘अखी मुठी अनुकूला’ रस्म निभाकर धान की बुवाई की शुरुआत की। यह परंपरा ओडिशा में नए कृषि मौसम का प्रतीक मानी जाती है।
Kisan Yojana Odisha: ‘अमा बिहाना रथ’ से पहुंचेगा गुणवत्तापूर्ण बीज
मुख्यमंत्री ने ‘अमा बिहाना रथ’ और ‘कृषि रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल के तहत मोबाइल वाहनों के जरिए किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। पहले चरण में यह योजना 10 जिलों के 31 ब्लॉकों में लागू की गई है।
Kisan Yojana Odisha: सीमांत किसानों को सबसे अधिक लाभ
योजना के तहत 41.24 लाख छोटे और सीमांत किसानों को लाभ मिला है। इसके अलावा 41,049 भूमिहीन किसान परिवार और 3,292 आदिवासी किसान भी इस योजना में शामिल हैं।
कृषि विकास दर में वृद्धि, उत्पादन में रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की कृषि विकास दर 5.3 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो राष्ट्रीय औसत से अधिक है। साथ ही ओडिशा ने 150 लाख मीट्रिक टन से अधिक खाद्यान्न उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया है। सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद कर रही है। 2025-26 के खरीफ सीजन में अब तक 18.55 लाख किसानों से 76.47 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है।
किसानों को इनपुट सहायता
राज्य सरकार ने किसानों को इनपुट सहायता के रूप में 5,589.98 करोड़ रुपये भी प्रदान किए हैं। सरकार का कहना है कि इससे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि राज्य की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और समृद्धि की मजबूत नींव है। सरकार किसानों को बेहतर बीज, सिंचाई सुविधाएं और बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
यह भी पढे़ : होर्मुज संकट पर ट्रम्प-मुनीर की बातचीत: ब्लॉकेड पर ‘विचार’ का भरोसा, ईरान-यूएस तनाव बरकरार








