Breaking News: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं और उनके साथ AAP के कुछ अन्य नेता और सांसद भी पार्टी से अलग हो रहे हैं। चड्ढा के मुताबिक, इस समूह में अशोक मित्तल और संदीप पाठक समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं। राघव चड्ढा ने बताया कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए भाजपा में विलय करने का निर्णय ले चुके हैं। इस संभावित बदलाव में स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी सहित कई बड़े चेहरे शामिल बताए जा रहे हैं।
अपने फैसले पर बोलते हुए चड्ढा ने कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने वर्षों की मेहनत से खड़ा करने में योगदान दिया, वह अब अपने मूल सिद्धांतों और मूल्यों से भटक चुकी है। उनका कहना था कि पार्टी अब देशहित के बजाय निजी हितों को प्राथमिकता दे रही है, और यही कारण है कि उन्होंने AAP से अलग होने का निर्णय लिया है।
ये हैं AAP पार्टी के राज्यसभा सांसद
- राघव चड्ढा (पंजाब)
- संदीप पाठक (पंजाब)
- संजय सिंह (दिल्ली)
- अशोक कुमार मित्तल (पंजाब)
- हरभजन सिंह (पंजाब)
- विक्रमजीत सिंह साहनी (पंजाब)
- बलबीर सिंह सीचेवाल (पंजाब)
- स्वाति मालीवाल (दिल्ली)
- एन.डी. गुप्ता (दिल्ली)
- संजीव अरोड़ा (पंजाब)
ये सांसद राघव के साथ
- विक्रमजीत सिंह साहनी
- राजेंद्र गुप्ता
- स्वाति मालीवाल
- संदीप पाठक
- राघव चड्ढा
- हरभजन सिंह
- अशोक मित्तल
संदीप पाठक क्या बोले?
वहीं संदीप पाठक ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के कुल 10 सांसद हैं, जिनमें से दो-तिहाई उनके साथ हैं, और इन सांसदों के हस्ताक्षर सभापति को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने माना कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसा फैसला लेना पड़ेगा, क्योंकि वह पिछले करीब 10 वर्षों से पार्टी से जुड़े रहे हैं। पाठक ने अपनी पृष्ठभूमि का ज़िक्र करते हुए कहा कि एक शिक्षक और आईआईटी में प्रोफेसर रहने के बावजूद उनका उद्देश्य हमेशा देश के लिए कुछ सकारात्मक करना रहा। उन्होंने बताया कि इसी सोच के साथ उन्होंने आम आदमी पार्टी का साथ चुना था, ताकि ईमानदारी से काम किया जा सके। उन्होंने आगे ये भी कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी को प्राथमिकता दी, लेकिन अब उनका रास्ता अलग हो रहा है।








