Breaking News
Home » पश्चिम बंगाल » बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे की अपील बोले- ‘बिना डरे डाले वोट’

बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे की अपील बोले- ‘बिना डरे डाले वोट’

मल्लिकार्जुन खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे

Bengal Election Voting: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से दूसरे चरण की वोटिंग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिना किसी डर या हिचकिचाहट के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें। किसी के भी प्रभाव में न आएं और न ही किसी से डरें।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। मैं हर मतदाता से आग्रह करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें और बिना किसी डर या हिचकिचाहट के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें। किसी के भी प्रभाव में न आएं और न ही किसी से डरें। प्रगतिशील मूल्यों के लिए वोट दें। विकास के लिए वोट दें। सद्भाव के लिए वोट दें। भाईचारे के लिए वोट दें। पश्चिम बंगाल ने हमेशा सार्थक बदलाव लाने में अग्रणी भूमिका निभाई है, और आज फिर वैसा ही एक और अवसर है। यह उन ताकतों के खिलाफ खड़े होने का समय है जो आपके अधिकारों को कमजोर करना चाहती हैं, उन्हें करारा जवाब देने का समय है। मैं विशेष रूप से युवाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं से अपील करता हूं, आपकी आवाज मायने रखती है। यह सुनिश्चित करें कि पश्चिम बंगाल में सच्ची लोकतंत्र की भावना बनी रहे।

इससे पहले, टीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सभी को बड़ी संख्या में बाहर निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बंगाल देश की आत्मा की रक्षा के लिए खड़ा हो।” बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे और आखिरी चरण में वोटिंग चल रही है। इस चरण में राजनीतिक रूप से अहम दक्षिणी क्षेत्र की 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पुरबा बर्धमान जैसे अहम जिले शामिल हैं। ये वो इलाके हैं जिन्हें तृणमूल कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ माना जाता है। भवानीपुर इस चुनाव का मुख्य केंद्र है, जहां शुभेंदु अधिकारी का मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से हो रहा है। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई और शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान को लेकर बंगाल की जनता में जबरदस्त उत्साह है। मतदान के लिए पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं।

ये भी पढ़े… बाराबंकी की अनोखी शादी: फेरे से पहले दूल्हे ने रखी अनोखी शर्त, पूछा- गैस नहीं मिली तो चूल्हे पर खाना बनाओगी?, दुल्हन के जवाब ने लूट ली महफिल