Noida Police: उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। जहां खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन कर नोएडा पुलिस की महिला सिपाही मधु सिंह ने न सिर्फ कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मेडल जीते, बल्कि अपनी मेहनत और लगन के दम पर अब सब-इंस्पेक्टर (SI) के पद पर प्रमोट भी हो गई हैं। जिनके कंधों पर खुद नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया। इस खास मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारियों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। मधु सिंह की इस उपलब्धि से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।
खेल के दम पर हासिल की नई पहचान
मधु सिंह की नियुक्ति वर्ष 2023 में नोएडा पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे के तहत हुई थी। वह ताइक्वांडो की नेशनल प्लेयर हैं। जो लगातार देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025 में गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा पुलिस ने उन्हें प्रमोशन देने का फैसला लिया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि मधु सिंह जैसे खिलाड़ी पुलिस विभाग के लिए प्रेरणा हैं और आने वाले समय में वे और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।
Noida Police: राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीते कई मेडल
मधु सिंह ने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप, चौथी नेशनल चैंपियनशिप कटक, तीसरी सीनियर नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप और दूसरी वूमेंस लीग ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इसके अलावा उन्होंने माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल, 40वीं नेशनल चैंपियनशिप 2025 में सिल्वर मेडल और 38वें नेशनल गेम्स उत्तराखंड में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
महिलाओं को देती हैं सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग
आपको बता दें कि मधु सिंह सिर्फ एक खिलाड़ी और पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि महिलाओं और लड़कियों के लिए प्रेरणा भी हैं। वह समय-समय पर महिलाओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग और जागरूकता भी देती हैं, ताकि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। वहीं प्रमोशन मिलने के बाद मधु सिंह ने पुलिस विभाग और अपने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर करने की प्रेरणा देगा। वहीं पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि मधु सिंह आगे भी देश, प्रदेश और नोएडा पुलिस का नाम रोशन करती रहेंगी।








