Home » Breaking News » पाली में आवारा कुत्ते का हमला, दो साल की मासूम को जबड़े में दबाकर घसीटा

पाली में आवारा कुत्ते का हमला, दो साल की मासूम को जबड़े में दबाकर घसीटा

Dog Attack

Dog Attack: राजस्थान के पाली जिले के नाना थाना क्षेत्र के शेरावाला गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। घर के चौक में सो रही दो साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ता बच्ची को जबड़े में दबाकर घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा। बच्ची की चीख सुनकर मां मौके पर पहुंची और बहादुरी दिखाते हुए लाठी से हमला कर बेटी को बचाया। गंभीर रूप से घायल बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

खुला गेट बना हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार मासूम संगीता घर के चौक में पलंग पर सो रही थी। उसके दो भाई पास के दूसरे पलंग पर सो रहे थे। बच्ची की मां चकूबाई घर के अंदर घरेलू काम कर रही थीं, जबकि पिता सवाराम गरासिया किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान घर का मुख्य गेट खुला रह गया, जिससे एक आवारा कुत्ता घर के अंदर घुस आया। कुत्ते ने बच्ची के सिर को अपने जबड़े में दबाया और उसे पलंग से नीचे गिराकर घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा।

Dog Attack: मां ने दिखाई हिम्मत, लाठी से बचाई जान

बच्ची की चीख-पुकार सुनते ही मां चकूबाई तुरंत दौड़कर बाहर पहुंचीं। सामने का दृश्य देखकर वह घबरा गईं, लेकिन उन्होंने साहस नहीं खोया। उन्होंने तुरंत लाठी उठाई और कुत्ते पर लगातार वार किए। काफी प्रयास के बाद कुत्ते ने बच्ची को छोड़ा और वहां से भाग निकला। घटना के बाद परिवार के लोग बदहवास हो गए और तुरंत बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

सिर में आए गहरे घाव, अस्पताल में इलाज जारी

गंभीर रूप से घायल बच्ची को पाली के बांगड़ चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची के सिर पर गहरे घाव आए हैं, जिसके चलते करीब 12 टांके लगाने पड़े। पिछले तीन दिनों से अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल डॉक्टरों ने बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई है, लेकिन उसे लगातार निगरानी में रखा गया है।

Dog Attack: इलाके में पहले भी हो चुके हैं कुत्तों के हमले

स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में भी एक कुत्ते ने बुजुर्ग महिला, बुजुर्ग व्यक्ति और 13 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस ताजा घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने और आवारा कुत्तों से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments