Home » अंतर्राष्ट्रीय » पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकियों का बड़ा हमला, पुलिस थाने के बाहर विस्फोट, 3 जवानों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकियों का बड़ा हमला, पुलिस थाने के बाहर विस्फोट, 3 जवानों की मौत

बन्नू जिले में भीषण आतंकी हमला

Pakistan Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बड़ा आतंकी हमला सामने आया है। चरमपंथियों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी के जरिए पुलिस थाने को उड़ाने की कोशिश की। इस हमले के बाद हुई मुठभेड़ में कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस थाने में घुसाना चाहते थे विस्फोटकों से भरी गाड़ी

यह हमला बन्नू जिले के फतेहखेल पुलिस थाने पर हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकवादी विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर थाने में घुसना चाहते थे, लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें पहले ही रोक लिया। इसके बाद गाड़ी में जोरदार धमाका हुआ।

धमाका इतना भयानक था कि आसपास के कई घरों को नुकसान पहुंचा। धमाके के तुरंत बाद आतंकियों ने पुलिस थाने पर हमला बोल दिया और दोनों तरफ से भारी गोलीबारी शुरू हो गई।

Pakistan Attack: मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी शहीद

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले के बाद बड़ी संख्या में चरमपंथियों ने थाने को घेर लिया था। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई जवान घायल हुए हैं।घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मुख्यमंत्री ने की हमले की निंदा

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल अफरीदी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने जान-माल के नुकसान पर दुख जताते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ यह लड़ाई सिर्फ खैबर पख्तूनख्वा की नहीं, बल्कि पूरे पाकिस्तान की लड़ाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गलत नीतियों और बंद कमरों में लिए गए फैसलों ने देश को असुरक्षा की स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी बेकार नहीं जाएगी और आतंकवाद को खत्म करने तक कार्रवाई जारी रहेगी।

सीमा से लगे इलाकों में बढ़ रहे हमले

अफगानिस्तान सीमा से सटे खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले कुछ महीनों में आतंकवादी हमलों में तेजी आई है। लगातार हो रहे हमलों ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Written by- Kanishka Ram

ये भी पढ़ें… होर्मुज तनाव के बीच मिस्र-कतर की अपील, अमेरिका और ईरान दिखाएं जिम्मेदारी और समझदारी

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments