PM MODI: श्री श्री रविशंकर द्वारा स्थापित ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ संस्था के 45वें स्थापना दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान श्री श्री रविशंकर ने प्रधानमंत्री की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें देश का “अमूल्य और श्रेष्ठ पुत्र” बताया।
‘भारत को नई पहचान दिलाई’
श्री श्री रविशंकर ने कहा, “आप भारत माता के अमूल्य और श्रेष्ठ पुत्र हैं। आपने दुनिया में भारत के ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के भाव को और मजबूत किया है और देश को श्रेष्ठता के नए स्तर पर पहुंचाया है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत अभियान के जरिए देश को नई दिशा दी और गंदगी, गरीबी तथा अव्यवस्था से बाहर निकालने का काम किया।
PM MODI: ‘भारत मांगने वाला नहीं, देने वाला देश बना’
श्री श्री रविशंकर ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत की वैश्विक छवि बदली है। उन्होंने कहा, “पहले दुनिया को लगता था कि भारत इतना विकसित नहीं हो सकता, लेकिन आपने उन धारणाओं को गलत साबित किया। भारत अब मांगने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को देने वाला देश बन गया है।”
राम मंदिर और काशी विकास का भी किया जिक्र
उन्होंने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर और काशी के विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ और काशी को नई पहचान मिली है।
PM MODI: योग और आयुर्वेद को वैश्विक पहचान
श्री श्री रविशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने योग दिवस के माध्यम से योग को वैश्विक स्तर पर पहुंचाया। साथ ही आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए अलग मंत्रालय बनाकर भारतीय परंपरा को मजबूत किया।
‘देश को बेहतर बनाने के लिए हर जरूरी काम किया’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने शिक्षा, कला, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और समाज के हर वर्ग के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, “भारत को आप पर गर्व है।” बेंगलुरु में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग मौजूद रहे।








