Calbee Japan News: अमेरिका और ईरान के बीच दो महीने से ज्यादा समय से जारी संघर्ष का असर अब आम लोगों की रोजमर्रा की चीजों पर भी दिखाई देने लगा है। जापान की मशहूर स्नैक कंपनी Calbee ने अपने चिप्स और प्रॉन्स क्रैकर्स के पैकेट की पैकेजिंग बदलने का फैसला लिया है। कंपनी अब रंगीन पैकेट की जगह ब्लैक एंड व्हाइट पैकेजिंग इस्तेमाल करेगी। कंपनी ने कहा कि युद्ध के कारण स्याही और प्लास्टिक में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसकी वजह से यह कदम उठाना पड़ा।
25 मई से बाजार में दिखेंगे नए पैकेट
Calbee के मुताबिक, उसके 14 प्रोडक्ट्स नई ब्लैक एंड व्हाइट पैकेजिंग में 25 मई से जापान की दुकानों में उपलब्ध होंगे। कंपनी का कहना है कि यह फैसला प्रोडक्ट की सप्लाई जारी रखने के लिए लिया गया है, ताकि बाजार में कमी न हो।
Calbee Japan News: नेफ्था संकट बना बड़ी वजह
इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह नेफ्था की कमी बताई जा रही है। नेफ्था ऑयल रिफाइनिंग से बनने वाला उत्पाद है, जिसका इस्तेमाल स्याही और प्लास्टिक तैयार करने में किया जाता है। ईरान युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट संकट के बाद एशिया में नेफ्था की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं। जापान सरकार के मुताबिक, युद्ध से पहले देश की करीब 40% नेफ्था सप्लाई मध्य पूर्व से आती थी।
Calbee Japan News: एशियाई देशों पर सबसे ज्यादा असर
विशेषज्ञों का कहना है कि मिडिल ईस्ट और होर्मुज स्ट्रेट पर निर्भरता के कारण एशियाई देशों पर इस संकट का सबसे ज्यादा असर पड़ा है। जापान की फूड कंपनी Mizkan पहले ही कुछ प्रोडक्ट्स की बिक्री रोक चुकी है, जबकि Toyota और Hyundai जैसी कंपनियों ने बढ़ती लागत और घटती बिक्री को लेकर चिंता जताई है।
ईंधन से लेकर हवाई सेवाओं तक असर
जंग के कारण तेल और गैस सप्लाई प्रभावित होने से दुनियाभर में जेट फ्यूल, प्लास्टिक और अन्य इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स महंगे हो गए हैं। कई एयरलाइंस ने ईंधन कीमतों में भारी उछाल के चलते उड़ानें कम कर दी हैं, जबकि कुछ विमानों को ग्राउंडेड करना पड़ा है।
यह भी पढे़ : असम से दिल्ली तक सियासी हलचल तेज NDA सरकारों के गठन के बाद अब मोदी कैबिनेट और BJP संगठन में बड़े बदलाव के संकेत








