Train fire: हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में अचानक आग लग गई। आग ट्रेन के B1 और B2 थ्री-टियर एसी कोच में लगी थी। घटना ट्रेन के रवाना होने से ठीक पहले हुई, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक ट्रेन शाम 7 बजे जयपुर के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान कोच से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद रेलवे स्टाफ और यात्रियों में हलचल मच गई। तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई और मौके पर तीन दमकल गाड़ियां पहुंचीं।
Train fire: दमकलकर्मियों ने समय रहते पाया काबू
फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त दोनों बोगियों में कोई यात्री मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने की वजह की जांच शुरू
Train fire: फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, लेकिन रेलवे और फायर विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं। घटना के बाद कुछ देर के लिए स्टेशन पर ट्रेन संचालन भी प्रभावित रहा।
ये भी पढ़े: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, CBI ने ‘किंगपिन’ पीवी कुलकर्णी को किया गिरफ्तार








