CJP News: डिजिटल संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को अपनी पहली ऑनलाइन पिटीशन लॉन्च की। इस पिटीशन में Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग की गई है। आरोप है कि NEET पेपर लीक मामले में सरकार और परीक्षा एजेंसियां लगातार फेल रही हैं।
अभिजीत ने वीडियो जारी कर लोगों से मांगा समर्थन
अभिजीत दीपके ने X पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि यह पिटीशन सिस्टम की जवाबदेही तय करने के लिए शुरू की गई है। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा साइन करने की अपील की, ताकि शिक्षा व्यवस्था की खामियों पर सवाल उठ सकें।
CJP News: CJI की टिप्पणी के बाद शुरू हुई थी CJP
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस Surya Kant की टिप्पणी के विरोध में हुई थी। 15 मई को सुनवाई के दौरान उन्होंने कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस नाम से डिजिटल अभियान शुरू हुआ।
CJP News: माता-पिता बोले- बेटे की सुरक्षा को लेकर डर
अभिजीत के माता-पिता भगवान और अनीता दीपके ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वे नहीं चाहते थे कि उनका बेटा राजनीति में जाए। परिवार को डर है कि अभिजीत किसी मुसीबत में पड़ सकता है या उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। अभिजीत के पिता ने कहा कि मौजूदा माहौल में डर लगना स्वाभाविक है। वहीं उनकी मां ने कहा कि उन्होंने पहले भी बेटे को राजनीति से दूर रहने और नौकरी करने की सलाह दी थी।
सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ी लोकप्रियता
21 मई को CJP का पुराना X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। उस समय अकाउंट पर करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स थे। इसके बाद संगठन ने नया अकाउंट ‘Cockroach Is Back’ नाम से बनाया। कुछ ही घंटों में नए अकाउंट पर हजारों फॉलोअर्स जुड़ गए। संगठन का दावा है कि उसके 96% फॉलोअर्स भारतीय हैं। अभिजीत ने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।
खुद को बेरोजगार युवाओं की आवाज बताती है CJP
CJP अपनी वेबसाइट पर खुद को उन लोगों की पार्टी बताती है जिन्हें व्यवस्था ने कभी गंभीरता से नहीं लिया। संगठन का नारा है- “Secular, Socialist, Democratic, Lazy।” पार्टी ने सदस्यता के लिए चार योग्यताएं भी बताई हैं- बेरोजगार होना, आलसी होना, हमेशा ऑनलाइन रहना और प्रोफेशनल तरीके से शिकायत करने की क्षमता।
अमेरिका में पढ़ाई कर रहे हैं अभिजीत
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं। वे फिलहाल Boston University में पब्लिक रिलेशन की पढ़ाई कर रहे हैं। वे पहले Aam Aadmi Party के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट भी रह चुके हैं और 2020 के दिल्ली चुनावों में पार्टी के ऑनलाइन कैंपेन से जुड़े थे।








