Breaking News
Home » नई दिल्ली » पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर क्या बोले राहुल और मल्लिकार्जुन खड़गे?

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर क्या बोले राहुल और मल्लिकार्जुन खड़गे?

Petrol Diesel Price Hike
Petrol Diesel Price Hike

Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मोदी सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरा। राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीज़ल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे। मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था। पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल 8 रुपए महंगा कर दिया। ये बढ़त होती ही जाएगी। महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है- चुनाव में वादे और बाकी समय जनता की जेब पर वार।

10 दिनों के भीतर चौथी बार वृद्धि

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 10 दिनों के भीतर चौथी बार हुई वृद्धि को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘फ्यूल लूट’ का सिलसिला अभी खत्म नहीं हुआ है। खड़गे ने दावा किया कि पेट्रोल की कीमत में 7.35 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 7.53 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खड़गे ने अपने पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार ने आम लोगों की बचत को जलाने का काम किया है। उन्होंने यूपीए सरकार और वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए दावा किया कि 2004 से 2014 के बीच अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में 175 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई थी, जबकि मोदी सरकार के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रूड ऑयल की कीमतों में वैसी बढ़ोतरी नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में पेट्रोल की कीमत 71.41 रुपए प्रति लीटर थी, जो 2026 में बढ़कर 102.12 रुपए प्रति लीटर हो गई। यह 43.01% की बढ़ोतरी है।

Petrol Diesel Price Hike: 43 लाख करोड़ रुपए की लूट

वहीं, डीजल की कीमत 56.71 रुपए से बढ़कर 95.20 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई, जो 67.87% की बढ़ोतरी है। खड़गे ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने ईंधन के जरिए 43 लाख करोड़ रुपए की लूट की है, जिसका मतलब है कि हर दिन ₹1000 की लूट हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चौथी बार बढ़ोतरी के साथ आज एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसी के शेयरों में क्रमशः 5.8%, 4.44% और 3.90% की तेजी आई। लोगों के हितों पर मुनाफे को तरजीह देना ही भाजपा के डीएनए में है। ईंधन की कीमतों में हर बढ़ोतरी घरेलू बजट पर एक और मार है और इसका अर्थव्यवस्था के हर पहलू पर व्यापक असर पड़ता है। किसानों से लेकर एमएसएमई तक, समाज का हर तबका भाजपा की इस लूट का खामियाजा भुगत रहा है। खड़गे ने आगे कहा कि हम फिर दोहराते हैं। इस ‘रोजाना की लूट’ से किसे फायदा हो रहा है?

ये भी पढ़े… पति के उत्पीड़न से तंग आकर पत्नी ने की खुदकुशी, राजस्थान के जयपुर का मामला