Breaking News
Home » राजस्थान » पति के उत्पीड़न से तंग आकर पत्नी ने की खुदकुशी, राजस्थान के जयपुर का मामला

पति के उत्पीड़न से तंग आकर पत्नी ने की खुदकुशी, राजस्थान के जयपुर का मामला

Jaipur Anu Meena Suicide

Jaipur Anu Meena Suicide: राजस्थान की राजधानी जयपुर में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। कोटपूतली के कल्याणपुरा निवासी परिवार की बेटी अनु मीणा ने कथित तौर पर पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले पढ़िए पूर मामला… 

जानकारी के अनुसार, अनु की शादी 25 जुलाई 2015 को गौतम मीणा से हुई थी, जो पीडब्ल्यूडी विभाग में एक्सईएन पद पर तैनात है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही गौतम शराब के नशे में अनु के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। परिजनों का कहना है कि लंबे समय से चल रही प्रताड़ना के कारण अनु मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। बताया जा रहा है कि 7 अप्रैल को अनु ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने पति को वीडियो कॉल भी किया था। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका अनु मीणा
                                                                                     मृतका अनु मीणा

Jaipur Anu Meena Suicide: परिजनों ने मामले में क्या कहा? 

मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मार्च 2026 में गौतम ने घर में गैस खुली छोड़कर अनु की जान लेने की कोशिश भी की थी। इस घटना के बाद डरी-सहमी अनु मायके लौट आई थी, लेकिन बाद में पति उसे मनाकर वापस ले गया। परिवार ने बेटी का घर बचाने की कोशिश में पुलिस में शिकायत नहीं दी, मगर हालात नहीं बदले। परिजनों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले अनु ने अपने करीबियों को कई संदेश भेजे थे, जिनमें उसने अपनी पीड़ा और डर का जिक्र किया था। मामले का खुलासा तब और हुआ जब उसके 10 वर्षीय बेटे माहिर ने मां का मोबाइल फोन खोला। फोन में मौजूद वीडियो में पति-पत्नी के बीच झगड़े और कथित अभद्र व्यवहार के दृश्य सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो खुद अनु ने रिकॉर्ड किए थे। माहिर ने परिवार को बताया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां के साथ मारपीट करते थे। वहीं छोटी बेटी समायरा ने भी घर में लगातार होने वाले झगड़ों की बात कही है। बच्चों के बयान के बाद परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतका की मां माया का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी कई बार पति की प्रताड़ना की बात बताती थी, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा। वहीं भाई नीरज मीणा ने आरोप लगाया कि गौतम हर बार मारपीट के बाद माफी मांग लेता था, जिससे परिवार समझौता करता रहा। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

ये भी पढ़े… जौनपुर में दूल्हे का हत्यारोपी रवि यादव एनकाउंटर में ढेर, 1 लाख का इनाम था घोषित