Home » पंजाब » पंजाब निकाय चुनाव:1896 वार्डों में मतदान जारी, 35 लाख वोटर आज करेंगे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

पंजाब निकाय चुनाव:1896 वार्डों में मतदान जारी, 35 लाख वोटर आज करेंगे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

Punjab News: पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। राज्य के 1,896 वार्डों और 8 नगर निगमों में पार्षदों के चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से वोटिंग जारी है। शाम 5 बजे तक करीब 35.45 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और कहीं से किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। चुनाव को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए करीब 32 हजार पुलिसकर्मी और 35 हजार चुनाव कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

8 नगर निगमों में हो रहा चुनाव

राज्य के जिन नगर निगमों में चुनाव हो रहे हैं उनमें अबोहर, मोहाली, मोगा, बठिंडा, बरनाला, बटाला, कपूरथला और पठानकोट शामिल हैं। इसके अलावा 75 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतों में भी मतदान कराया जा रहा है।

इस चुनाव में कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें आम आदमी पार्टी के 1,801, कांग्रेस के 1,550, भाजपा के 1,316 और शिरोमणि अकाली दल के 1,251 उम्मीदवार शामिल हैं। बहुजन समाज पार्टी ने 96 प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।

Punjab News: पुरुष मतदाता ज्यादा, महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी

राज्य में कुल 35 लाख से ज्यादा मतदाताओं में 18.33 लाख पुरुष और 17.11 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। अन्य श्रेणी में 220 मतदाता पंजीकृत हैं। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।

बैलेट पेपर से हो रहा मतदान

इस बार पंजाब में निकाय चुनाव ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं। चुनाव से पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उस जनहित याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें बैलेट पेपर से चुनाव कराने के फैसले को चुनौती दी गई थी। हाईकोर्ट ने कहा था कि ईवीएम-वीवीपेट से बैलेट पेपर पर जाने का फैसला प्रशासनिक स्तर पर लिया गया है।

Punjab News: भाजपा और आप के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज

चुनाव के बीच भाजपा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर दबाव की राजनीति करने का आरोप लगाया है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष Sunil Jakhar (सुनील जाखड़) ने कहा कि मतदान केंद्रों पर किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता और मंत्री लगातार चुनाव प्रचार में सक्रिय रहे। हालांकि मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने चुनाव प्रचार से दूरी बनाए रखी।

भाजपा ने बढ़ते जनाधार का किया दावा

भाजपा नेताओं का कहना है कि 2021 के मुकाबले इस बार पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है। पार्टी का दावा है कि अब उसका समर्थन केवल शहरी इलाकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण पंजाब में भी पार्टी का आधार बढ़ रहा है।

ये भी पढ़े… बाराबंकी दुर्घटना: कैंची धाम जा रहे 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, 100 की रफ्तार में ट्रेलर से भिड़ी इनोवा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments