Barabanki Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार दोस्तों की जान चली गई। सात दोस्त इनोवा कार से कैंची धाम दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में उनकी कार लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
झपकी और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
यह हादसा मंगलवार रात करीब 3 बजे हुआ। शुरुआती पुलिस जांच में माना जा रहा है कि कार चला रहे ड्राइवर को झपकी आ गई थी। इसी कारण कार अचानक अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनोवा की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जिसकी वजह से टक्कर बेहद खतरनाक साबित हुई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक भी घबरा गया, जबकि आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।

कार में बुरी तरह फंस गए थे युवक
टक्कर के बाद इनोवा में बैठे लोग कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे। स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने काफी मेहनत के बाद घायलों को बाहर निकाला। कुछ लोगों को निकालने के लिए कार के हिस्सों को काटना पड़ा। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार दोस्तों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई और माहौल बेहद भावुक हो गया।
चार दोस्तों की मौत से गांवों में शोक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान चंदौली निवासी राहुल कुमार (29), गाजीपुर निवासी राहुल सिंह (30), बलिया निवासी सत्यम सिंह (30) और सुल्तानपुर निवासी सूरज मिश्रा (31) के रूप में हुई है। जैसे ही मौत की खबर उनके गांव पहुंची, परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

Barabanki Accident: तीन युवक गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में मिर्जापुर निवासी पंकज और चंदन के साथ बलिया निवासी प्रशांत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े: चंडीगढ़ में भीषण धमाके, एक के बाद एक फटे 3 सिलेंडर, तीन मंजिला मकान हुआ तबाह, 3 गंभीर








