Home » नई दिल्ली » दिल्ली अग्निकांड में 21 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक; मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

दिल्ली अग्निकांड में 21 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक; मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

होटल में लगी भीषण आग से मची अफरा-तफरी

Delhi Fire Tragedy: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड हो गया। लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और उससे जुड़े होटल परिसर में लगी आग में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में कई विदेशी नागरिकों के भी जान गंवाने की सूचना है। वहीं, बचाव दल ने अब तक 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 9:45 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

लगातार जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

अधिकारियों के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट से भी तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 10 गाड़ियों को लगाया गया। फिलहाल बचाव कार्य लगातार जारी है और पूरी इमारत की जांच की जा रही है।

Delhi Fire Tragedy: मालवीय नगर अग्निकांड
मालवीय नगर अग्निकांड

Delhi Fire Tragedy: छह मंजिला इमारत में फैली आग

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी वह छह मंजिला थी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8:51 बजे ग्राउंड फ्लोर पर आग भड़की थी। आग को नियंत्रित करने के प्रयास के दौरान जब कांच तोड़ा गया, तो लपटें और धुआं बेसमेंट तक पहुंच गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।इसी भवन में फ्लोरिस स्टे नाम का होटल भी संचालित किया जा रहा था, जहां कई लोग ठहरे हुए थे।

पीएम ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं और वे घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से एक्स पर साझा की गई।

दमकल विभाग ने बताया कैसे किया गया बचाव

दिल्ली फायर सर्विस के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ए.के. मलिक ने बताया कि आग की सूचना सुबह 8:50 बजे मिली थी और मात्र एक मिनट बाद, यानी 8:51 बजे फायर इंजन घटनास्थल के लिए रवाना कर दिए गए थे।

उन्होंने कहा कि शुरुआत में सात दमकल गाड़ियां भेजी गई थीं, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में वाहनों और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई। सबसे पहले पहुंची टीम ने आग बुझाने के साथ-साथ लोगों को निकालने का काम शुरू किया।

मलिक के अनुसार, शुरुआती चरण में बेसमेंट से छह लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद टीम ऊपरी मंजिलों तक पहुंची और वहां फंसे लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला। कुल मिलाकर 37 लोगों को इस इमारत से बचाया गया।

दिल्ली रेस्टोरेंट आग हादसे में दोपहर 1 बजे तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई विदेशियों की भी मौत हुई है। मृतकों में सेंट्रल एशिया और अफ्रीका के नागरिक शामिल हैं।

मौके पर पहुंचे AAP नेता सौरभ भारद्वाज

घटना की जानकारी मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की जानकारी ली।

LG ने जताया दुख, जांच के दिए निर्देश

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर के हौज रानी क्षेत्र स्थित होटल में लगी भीषण आग बेहद दुखद है।

उन्होंने बताया कि पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य कर रही हैं। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए, राहत कार्यों में तेजी लाई जाए और पूरे मामले की गहन जांच कराई जाए।

नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

मालवीय नगर आग हादसे पर एसडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि फिलहाल सभी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे कि अवैध रूप से गतिविधियां संचालित करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अनुमति के नाम पर नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

हौज खास में अलग हादसा, रिटायर्ड IAS अधिकारी की मौत

इसी बीच दिल्ली के हौज खास इलाके में एक अलग आग की घटना में रिटायर्ड IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनके घर में लगी आग एयर कंडीशनर (AC) यूनिट में हुए विस्फोट के कारण लगी थी।

हादसे के समय घर के अंदर कुल पांच लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन धनेंद्र कुमार की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं उनके बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कौन थे धनेंद्र कुमार?

धनेंद्र कुमार हरियाणा कैडर के 1968 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी थे। उनकी उम्र 80 वर्ष थी। प्रशासनिक सेवा में लंबे समय तक कार्य करने के अलावा वे विश्व बैंक (World Bank) में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे।

दिल्ली में एक ही दिन में सामने आई इन दो बड़ी आग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

ये भी पढ़े…मालवीय नगर अग्निकांड में 20 लोगों की मौत, CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख, बोलीं- ‘सरकार प्रभावित परिवारों के साथ’