Home » Breaking News » युवाओं के मुद्दे पर कांग्रेस का बड़ा दांव! पेपर लीक से बेरोजगारी तक, राहुल गांधी का राष्ट्रव्यापी आंदोलन 17 जून से शुरू

युवाओं के मुद्दे पर कांग्रेस का बड़ा दांव! पेपर लीक से बेरोजगारी तक, राहुल गांधी का राष्ट्रव्यापी आंदोलन 17 जून से शुरू

NEET LEAK PAPER: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल (K. C. Venugopal) ने बताया कि अभियान का पहला चरण 17 जून से राजस्थान के कोटा से शुरू होगा, जिसकी अगुवाई लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) करेंगे।

युवाओं और छात्रों को जोड़ने पर फोकस

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी देश के छात्रों और युवाओं की सबसे मजबूत आवाज बनकर उभरे हैं। अभियान के तहत छात्रों, शिक्षकों, युवा संगठनों और परीक्षा घोटालों से प्रभावित अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाने के लिए बड़े छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार 17 जून को कोटा, 10 जुलाई को (इलाहाबाद), 11 जुलाई को पटना (Patna) और 14 जुलाई को नई दिल्ली (New Delhi) में छात्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

NEET LEAK PAPER: पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर सरकार को घेरने की तैयारी

कांग्रेस का आरोप है कि पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ियां और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी ने लाखों युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है। पार्टी का कहना है कि बार-बार हो रहे परीक्षा घोटालों और बढ़ती परीक्षा फीस ने युवाओं की मुश्किलें बढ़ाई हैं।

देशभर में चलेगा जनसंपर्क अभियान

कांग्रेस के अनुसार अभियान को सफल बनाने के लिए नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ़ इंडिया (एनएसयूआई), भारतीय युवा कांग्रेस (Indian Youth Congress), प्रदेश और जिला कांग्रेस इकाइयों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में संपर्क अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया कैंपेन, लाइव स्क्रीनिंग, डिजिटल निमंत्रण और छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

NEET LEAK PAPER: राहुल गांधी की प्रमुख मांगें

कांग्रेस इस आंदोलन के जरिए राहुल गांधी द्वारा पहले उठाई गई मांगों को जन आंदोलन का रूप देगी। इनमें प्रमुख रूप से: नीट परीक्षा प्रक्रिया का विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करना, पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करना और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग शामिल हैं।

संसद में भी उठेगा मुद्दा

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के भविष्य से जुड़े इस संकट पर संसद में व्यापक चर्चा की मांग करेगी। पार्टी युवाओं के हितों की रक्षा और भर्ती व परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक विधायी कदम उठाने की भी पैरवी करेगी। कांग्रेस का दावा है कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास होगा।

ये भी पढ़े… सेजल पवार केस पर वारिस पठान की तीखी टिप्पणी बोले- ‘अगर मुस्लिम नाम होता तो बवाल मच जाता’