Army head: केंद्र सरकार ने भारतीय सेना के अगले प्रमुख (Chief of Army Staff) के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह फिलहाल भारतीय सेना में वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर कार्यरत हैं। 30 जून 2026 की दोपहर से वह सेना प्रमुख का पद संभालेंगे। दरअसल, मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायर होने के बाद लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना की कमान संभालेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर में निभाई थी अहम भूमिका
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ इससे पहले दक्षिणी कमान (Southern Command) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं। सैन्य सूत्रों के अनुसार, हाल के महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों और रणनीतिक योजनाओं में उनकी अहम भूमिका रही है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं।
Army head: लगभग 40 साल का सैन्य अनुभव
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने अपनी प्रारंभिक सैन्य शिक्षा नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA), खड़कवासला से प्राप्त की। दिसंबर 1986 में उन्हें भारतीय सेना की आर्म्ड कॉर्प्स में कमीशन मिला था। करीब चार दशक लंबे सैन्य करियर में उन्होंने कई अहम कमांड, स्टाफ और रणनीतिक पदों पर सेवाएं दी हैं। उन्हें ऑपरेशनल प्लानिंग, क्षमता विकास, सैन्य आधुनिकीकरण और संस्थागत सुधारों का व्यापक अनुभव है।
सेना के आधुनिकीकरण पर रहेगा फोकस
Army head: रक्षा मामलों के जानकारों का मानना है कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के नेतृत्व में भारतीय सेना के आधुनिकीकरण, नई तकनीकों के समावेश और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों को और गति मिल सकती है। उनके पास जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष सैन्य नेतृत्व तक का व्यापक अनुभव है, जो सेना के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
ये भी पढ़े: पांच साल में गांव-गांव पहुंचा विकास, CM योगी के नेतृत्व में पंचायती राज विभाग ने रचा इतिहास








