Home » बिहार » नेपाल के होटल में मिला प्रिंस यादव का शव, पटना कोचिंग विवाद के बीच मौत से उठे कई बड़े सवाल

नेपाल के होटल में मिला प्रिंस यादव का शव, पटना कोचिंग विवाद के बीच मौत से उठे कई बड़े सवाल

प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत से पटना कोचिंग विवाद गरमाया

Prince Yadav Death Case: पटना के ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उनका शव नेपाल के एक होटल में मिला है। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही रौशन आनंद के परिजन नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं।बताया जा रहा है कि 2 जून को हुए चर्चित कोचिंग विवाद के मामले में दर्ज FIR में प्रिंस यादव भी नामजद आरोपी थे। FIR दर्ज होने के बाद वह अपने 6-7 दोस्तों के साथ नेपाल में रह रहे थे। इसी दौरान देर रात उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।

पहले भी लग चुके हैं आरोप

प्रिंस यादव का नाम इससे पहले वर्ष 2021 में भी सामने आया था। उन पर खान सर की कोचिंग पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप लगाया गया था।2 जून को खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। रौशन आनंद फिलहाल जेल में हैं और उनकी जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी है।

प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत से पटना कोचिंग विवाद गरमाया
प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत से पटना कोचिंग विवाद गरमाया

इस पूरे मामले के दौरान खान सर के सुरक्षा गार्डों का फायरिंग करते हुए वीडियो भी सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी FIR दर्ज की थी। साथ ही उनके दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।हालांकि पटना सिविल कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। वहीं उनके दोनों गार्डों की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है और वे अभी जेल में ही हैं।

FIR में क्या लगाए गए आरोप?

हमले के बाद खान सर की कोचिंग का प्रबंधन संभालने वाले कन्हैया कुमार सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।FIR के अनुसार, 2 जून 2026 को रात करीब 10 बजे क्लास खत्म होने के बाद कोचिंग बंद की जा रही थी। उसी दौरान कोचिंग के गार्ड चुनचुन (25 वर्ष) के साथ मारपीट की गई।शिकायत में कहा गया कि ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के कहने पर अभिषेक, प्रिंस यादव, रौशन, गौरव और उनके स्टाफ के साथ करीब 15 से 20 युवक कोचिंग के गेट पर पहुंचे। उन्होंने गार्ड को खींचकर पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी।

Prince Yadav Death Case: तोड़फोड़ और हंगामे का आरोप

FIR में यह भी कहा गया कि शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे। इसके बाद आरोपियों ने कोचिंग परिसर में तोड़फोड़ की, गाली-गलौज की और कोचिंग का बोर्ड, बैरिकेडिंग तथा खान सर की तस्वीर को नुकसान पहुंचाया।खान सर की कोचिंग पर हमले के मामले में गिरफ्तार रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर छात्र कई बार सड़क पर उतर चुके हैं।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि बिना किसी जांच समिति की रिपोर्ट के किसी व्यक्ति को जेल भेज देना उचित नहीं है। पहले निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और उसके बाद कार्रवाई की जानी चाहिए।छात्रों का कहना है कि रौशन आनंद से हजारों छात्रों का भविष्य जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग भी की।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि एक पक्ष जेल में है जबकि दूसरे पक्ष को राहत मिल रही है। उनका आरोप था कि गोली चलवाने वाले लोग बाहर हैं, जबकि जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया जा रहा है, वह घटना के समय मौके पर भी मौजूद नहीं था।

प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत से पटना कोचिंग विवाद गरमाया
प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत से पटना कोचिंग विवाद गरमाया

कोर्ट में खान सर की ओर से क्या दलील दी गई?

खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए अदालत ने कहा था कि अगली सुनवाई या अगले आदेश तक उनके खिलाफ कोई कठोर या दबावपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी।खान सर की ओर से अदालत में पेश हुए वकील अरविंद कुमार महुआर ने कहा कि फायरिंग आत्मरक्षा के लिए की गई थी। उनका उद्देश्य किसी तरह का डर या दहशत फैलाना नहीं था।वकील ने यह भी बताया कि खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर 20 जून को सुनवाई निर्धारित है।

पहले पुलिस की सराहना, फिर जताई नाराजगी

घटना के दिन यानी 2 जून को खान सर ने पुलिस की कार्रवाई की तारीफ की थी। लेकिन 3 जून को गार्डों की फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद उनका बयान बदल गया।उन्होंने कहा कि उस समय मारपीट हो रही थी और पुलिस घटनास्थल पर देर से पहुंची। उनके मुताबिक पुलिस तुरंत उड़कर नहीं पहुंच सकती थी, इसलिए गार्डों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।

खान सर ने यह भी कहा कि सुरक्षा गार्डों को रखने का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा करना होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस के आने तक गार्ड आखिर क्या करते? साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि गार्डों ने किसी व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली नहीं चलाई।

छात्रों को संबोधित करते हुए क्या बोले खान सर?

घटना के बाद खान सर का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह क्लासरूम में छात्रों को पूरी घटना के बारे में जानकारी देते नजर आए।वीडियो में खान सर छात्रों को CCTV फुटेज दिखाते हुए कहते हैं कि जिस व्यक्ति ने कोचिंग के गार्ड को ले जाकर पीटा, उसकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को मूल मुद्दे से भटकाने की कोशिश की जा रही है।

खान सर ने छात्रों से कहा कि यदि खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो जाती है, तो अगले छह महीनों में कई कोचिंग संस्थानों की फीस एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पैसा कमाना नहीं है।

गार्ड की पिटाई का किया जिक्र

क्लास में खान सर ने बताया कि उनके कोचिंग के गार्ड को बेरहमी से पीटा गया था। उनके अनुसार, करीब 20 से 25 लोगों ने सड़क पर उसकी पिटाई की।वीडियो में वह फीस कम करने की बात भी करते दिखाई देते हैं। साथ ही एक किताब हाथ में लेकर उन्होंने कहा कि वह “विद्या की कसम” खाकर कहते हैं कि घटना वाले दिन वास्तव में फायरिंग हुई थी।

यह भी पढ़े….यूपी: गोरखपुर को 226 विकास परियोजनाओं की सौगात, लाभार्थियों को मिलेंगे प्रमाण-पत्र.