UP NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए आर्थिक सहायता हो या आवास की जरूरत, पात्र व्यक्ति को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
इलाज की चिंता छोड़िए, सरकार करेगी मदद
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीज का उपचार प्राथमिकता है और आर्थिक मदद की पूरी व्यवस्था सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी को इलाज के लिए आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।
UP NEWS: हर जरूरतमंद को मिलेगा आवास
आवास की मांग लेकर पहुंचे लोगों को आश्वस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से लगातार पात्र लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब परिवार बिना छत के न रहे।
करीब 200 लोगों से की मुलाकात
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने स्वयं लोगों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्रों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कुछ लोगों ने पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में देरी की शिकायत की, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
UP NEWS: समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आवास, शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को संबंधित विभागों को संदर्भित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
गोसेवा और बच्चों से मुलाकात
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोवंश को गुड़ और रोटी खिलाई तथा गोसेवा की। 0मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान उन्होंने बच्चों से भी मुलाकात की, उन्हें चॉकलेट दी और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।
ये भी पढ़े… अमेरिका-ईरान शांति समझौते का असर: सोना-चांदी के भाव में जबरदस्त तेजी, निवेशकों की नजरें बाजार पर








