Banke Bihari Temple: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने के बाद वृंदावन के प्रसिद्ध Banke Bihari Temple में भी सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर बड़े कदम उठाए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने दान व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए दान पेटिकाओं (गोलक) पर QR Code लगा दिए हैं, ताकि श्रद्धालु आसानी से ऑनलाइन दान कर सकें।
श्रद्धालुओं को ऑनलाइन दान के लिए किया जा रहा जागरूक
मंदिर प्रबंधन की ओर से भक्तों से डिजिटल माध्यम से दान करने की अपील की जा रही है। मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी भी श्रद्धालुओं को ऑनलाइन भुगतान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके लिए मंदिर कार्यालय में State Bank of India (SBI) की नई मशीन लगाई गई है, जबकि जल्द ही एक और मशीन स्थापित करने की तैयारी है।
Banke Bihari Temple: मंदिर परिसर में लगेंगे डिजिटल दान बोर्ड
सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति अब मंदिर परिसर में विभिन्न स्थानों पर ऑनलाइन दान संबंधी बोर्ड लगाने की योजना बना रही है। समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार के अनुसार, ऑनलाइन दान को बढ़ावा देने के प्रयास सफल साबित हो रहे हैं। पिछले चार महीनों में डिजिटल माध्यम से दान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मंदिर को मिलने वाले कुल चढ़ावे का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हो रहा है।
Banke Bihari Temple: चोरी रोकने के लिए बदली गई व्यवस्था
मंदिर प्रशासन ने चढ़ावे में गड़बड़ी रोकने के लिए दान पेटिकाओं की व्यवस्था में भी बदलाव किया है। पहले कुछ कर्मचारी दान पेटिकाओं के ऊपर फूल-माला, डलिया या चुनरी रखकर श्रद्धालुओं से सीधे नकद राशि लेते थे। आरोप था कि कई बार यह पैसा दान पेटिका तक पहुंचने के बजाय निजी तौर पर रख लिया जाता था। इस तरह की अनियमितताओं को रोकने के लिए अब दान पेटिकाओं का स्वरूप बदल दिया गया है।
पहले भी सामने आ चुके हैं चोरी के मामले
गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में दान राशि की गिनती के दौरान एक बैंक कर्मचारी को लगभग 9.38 लाख रुपये की चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। इससे पहले भी मंदिर से जुड़े कई लोगों पर चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप लग चुके हैं और कार्रवाई की जा चुकी है।
तीन महीने में आया करोड़ों का चढ़ावा
Banke Bihari Temple: बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि इस वर्ष मार्च, अप्रैल और मई के दौरान मंदिर को करीब 4.90 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ है। बढ़ती दान राशि को देखते हुए मंदिर प्रशासन अब डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था को प्राथमिकता दे रहा है।
ये भी पढ़ें: मंदिर में प्रसाद ले रहे थे श्रद्धालु, अचानक गिर गई छत, 7 मरे, 40 घायल








