TMC NEWS: पश्चिम बंगाल में मिड-डे मील योजना से अंडे हटाए जाने की अटकलों को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने भारतीय जनता पार्टी पर बच्चों को पोषण से वंचित करने और राज्य में शाकाहार थोपने का आरोप लगाया। हालांकि राज्य सरकार की ओर से अभी तक मिड-डे मील से अंडे हटाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मिड-डे मील को लेकर बढ़ा विवाद
विवाद उस समय शुरू हुआ जब पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने बजट पेश करते हुए कहा कि मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में इस्कॉन से सहयोग मिलने की उम्मीद है। रिपोर्टों में दावा किया गया कि इस्कॉन के संभावित मेन्यू में अंडों की जगह प्रोटीन के शाकाहारी विकल्प शामिल किए जा सकते हैं। इसके बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
TMC NEWS: डेरेक ओ’ब्रायन का भाजपा पर हमला
डेरेक ओ’ब्रायन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान खान-पान को राजनीतिक मुद्दा बनाया गया था और अब स्कूलों के बच्चों के भोजन में भी हस्तक्षेप किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नई सरकार बच्चों से पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत छीनने की कोशिश कर रही है और बंगाल में शाकाहार थोपने का प्रयास किया जा रहा है।
‘मछली के बाद अब अंडे पर राजनीति’
टीएमसी सांसद ने कहा कि पहले मछली खाने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा किया गया और अब मिड-डे मील से अंडे हटाने की चर्चा शुरू हो गई है। उनके अनुसार यह बंगाल की खान-पान संस्कृति और बच्चों के पोषण दोनों पर असर डालने वाला कदम हो सकता है।
TMC NEWS: सरकार की ओर से नहीं हुई आधिकारिक पुष्टि
फिलहाल राज्य सरकार ने मिड-डे मील योजना से अंडे हटाने की किसी भी खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि इस्कॉन की संभावित भागीदारी और मेन्यू में बदलाव की चर्चाओं ने राज्य में पोषण, शिक्षा और सांस्कृतिक पहचान को लेकर नई बहस छेड़ दी है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है, जबकि सरकार की ओर से अभी स्पष्ट स्थिति सामने आना बाकी है।
ये भी पढ़े… बड़ी मछलियों को बचाने की साजिश… भरत तिवारी एनकाउंटर पर बोले पप्पू यादव








