Home » Breaking News » महुआ मोइत्रा ने की सीएम शुभेंदु अधिकारी की तारीफ, बोलीं- ‘मैं पूरी रात रोई थी, उन्होंने ही मुझे संभाला’

महुआ मोइत्रा ने की सीएम शुभेंदु अधिकारी की तारीफ, बोलीं- ‘मैं पूरी रात रोई थी, उन्होंने ही मुझे संभाला’

TMC NEWS: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की खुलकर तारीफ करते हुए उनके साथ अपने पुराने राजनीतिक और भावनात्मक रिश्तों का जिक्र किया है। महुआ ने बताया कि जब उन्हें पहली बार लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं मिला था, तब वह पूरी रात रोती रहीं और उस मुश्किल समय में केवल शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें भरोसा दिया और उनका हौसला बढ़ाया।

‘शुभेंदु ने हमेशा मेरा साथ दिया’

महुआ मोइत्रा ने कहा कि जब वह करीमपुर से चुनाव लड़ रही थीं, तब पार्टी के कई नेताओं ने उनके लिए प्रचार नहीं किया, लेकिन शुभेंदु अधिकारी ने आगे बढ़कर उनके समर्थन में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कहा कि टीएमसी में साथ रहने के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने हमेशा उनका सहयोग किया और कठिन समय में उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज भी उनके साथ शुभेंदु की पुरानी तस्वीरें इस रिश्ते की गवाही देती हैं।

TMC NEWS: ‘आज बात नहीं होती, लेकिन एहसान नहीं भूल सकती’

टीएमसी सांसद ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी उनके अच्छे दोस्त रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी बदलने के बाद अब दोनों के बीच बातचीत नहीं होती, लेकिन उन्होंने जो सहयोग और समर्थन दिया, उसे वह कभी नहीं भूल सकतीं। महुआ ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत रिश्ते और मदद को नकारा नहीं जा सकता।

कांग्रेस से वैचारिक रिश्तों पर भी दी सफाई

महुआ मोइत्रा ने टीएमसी के कांग्रेस में विलय की अटकलों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि वैचारिक स्तर पर टीएमसी और कांग्रेस के बीच समानताएं हो सकती हैं, क्योंकि ममता बनर्जी भी कभी कांग्रेस का हिस्सा रही हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि टीएमसी का कांग्रेस में विलय होने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संविधान के अनुसार ममता बनर्जी आजीवन चेयरपर्सन हैं और ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

TMC NEWS: अफवाहों को बताया बेबुनियाद

महुआ ने कहा कि पार्टी को लेकर फैलाए जा रहे तमाम दावे और राजनीतिक चर्चाएं निराधार हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान के साथ आगे बढ़ रही है और पार्टी नेतृत्व को लेकर किसी तरह का भ्रम पैदा करने की कोशिश सफल नहीं होगी।

ये भी पढ़े… मुख्तार नकवी का अखिलेश यादव पर तंज कहा- ‘चालाकी और चतुराई के चक्रव्यूह में खुद फंसे अखिलेश’