Benny Prasad World Record: बेंगलुरु के प्रसिद्ध गिटारवादक और संगीतकार बेनी प्रसाद एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने दावा किया है कि महज 6 साल, 6 महीने और 22 दिनों में अंटार्कटिका समेत 245 देशों की यात्रा पूरी कर दुनिया घूमने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया। उनके 16 भारतीय पासपोर्टों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Benny Prasad World Record: 16 पासपोर्टों ने खींचा लोगों का ध्यान-
इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में बेनी प्रसाद अपने 16 भारतीय पासपोर्ट दिखाते नजर आते हैं। इन पासपोर्टों पर दुनिया भर के देशों की वीजा, इमिग्रेशन और एंट्री-एग्जिट की मुहरें लगी हुई हैं। पुराने हो चुके पासपोर्टों के पीले पड़े पन्ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
Benny Prasad World Record: 245 देशों की यात्रा का दावा-
बेनी प्रसाद का कहना है कि उन्होंने अंटार्कटिका सहित 245 संप्रभु और आश्रित देशों की यात्रा सबसे कम समय में पूरी की। यह सफर उन्होंने केवल 6 साल, 6 महीने और 22 दिनों में पूरा किया।
वीजा और कागजी कार्रवाई रही सबसे बड़ी चुनौती-
‘मोस्ट ट्रैवल्ड पीपल’ (MTP) द्वारा साझा किए गए वीडियो में बेनी ने बताया कि दुनिया भर की यात्रा के दौरान वीजा, इमिग्रेशन और अन्य कागजी प्रक्रियाएं सबसे बड़ी चुनौती रहीं। इसके बावजूद उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल किया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ-
बेनी प्रसाद की उपलब्धि पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “इतनी यात्रा के लिए कितनी कागजी कार्रवाई करनी पड़ी होगी, सोचकर ही हैरानी होती है।” वहीं दूसरे ने कहा, “यह उपलब्धि वाकई बेहद प्रेरणादायक और कठिन है।”
कौन हैं बेनी प्रसाद-
6 अगस्त 1975 को बेंगलुरु में जन्मे बेनी प्रसाद एक गिटारवादक, मोटिवेशनल स्पीकर और विश्व यात्री हैं। बचपन में वह गंभीर अस्थमा से पीड़ित रहे, जिसके इलाज के दौरान उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा। किशोरावस्था में अवसाद के कारण उन्होंने आत्महत्या का प्रयास भी किया था।
संगीत ने बदल दी जिंदगी-
बेनी प्रसाद का कहना है कि संगीत ने उनके जीवन को नई दिशा दी। उनका मानना है कि यदि उनका जीवन बदल सकता है, तो कोई भी व्यक्ति कठिन परिस्थितियों से निकलकर अपने सपनों को पूरा कर सकता है। यही संदेश वह दुनिया भर में अपनी यात्राओं और संगीत के माध्यम से लोगों तक पहुंचाते हैं।
यह भी पढ़े- मुहर्रम जुलूस में मातम! हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, 3 की मौत; 10 से ज्यादा झुलसे, 5 की हालत गंभीर








