International Drug Day: अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को नशा मुक्त भारत का संकल्प दोहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ड्रग्स के दुरुपयोग और नार्को-कार्टेल्स के खिलाफ अब तक की सबसे मजबूत लड़ाई लड़ी है। इस मौके पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने की अपील की।
‘ड्रग्स के खिलाफ निर्णायक अभियान जारी’
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई में जुटे सभी योद्धाओं को शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने ड्रग्स के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई करते हुए नार्को-कार्टेल्स का लगातार सफाया किया है। साथ ही नशे की गिरफ्त में आए लोगों के इलाज और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह दिवस देश की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।
International Day Drug: मुख्यमंत्रियों ने भी दिया नशा मुक्त समाज का संदेश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राज्य के विकास को भी प्रभावित करता है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नशा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है। उन्होंने लोगों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
International Day Drug: राजस्थान और मध्य प्रदेश ने भी दोहराया संकल्प
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए नशे से दूर रहना और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भारत के निर्माण के लिए हर नागरिक को नशामुक्त समाज की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।








