RAM MANDIR NEWS: अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि चढ़ावे की राशि का इस्तेमाल राजनीति में किया जा रहा है और मामले के मुख्य आरोपी अब भी कार्रवाई से बाहर हैं।
‘चोरी के पैसे से सांसद खरीदने का आरोप’
संजय राउत ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मुख्य आरोपी आज भी अपनी जगह पर बने हुए हैं। उनका आरोप है कि मंदिर से चोरी किए गए करोड़ों रुपये का इस्तेमाल सांसदों की खरीद-फरोख्त और विपक्षी दलों को तोड़ने में किया गया। उन्होंने दावा किया कि इन्हीं पैसों का इस्तेमाल तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों को तोड़ने के लिए किया गया।
RAM MANDIR NEWS: ‘ऑपरेशन टाइगर नहीं, यह गद्दारी है’
शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने पर राउत ने कहा कि इसे ‘ऑपरेशन टाइगर’ कहना टाइगर का अपमान है। उन्होंने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ता आज भी “टाइगर” हैं, जबकि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को उन्होंने “लोमड़ी” करार दिया।
‘शिवसेना हमारी पार्टी, पहले अपना चुनाव चिन्ह लेकर लड़ें’
राउत ने कहा कि शिवसेना आज भी उद्धव ठाकरे की पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के सहयोग से उनकी पार्टी और चुनाव चिन्ह छीना गया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि शिंदे गुट पहले अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़कर दिखाए, उसके बाद राजनीतिक दावे करे।
RAM MANDIR NEWS: ‘डैमेज कंट्रोल नहीं, वफादार कार्यकर्ताओं से मुलाकात’
राउत ने ‘ऑपरेशन डैमेज कंट्रोल’ की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी छोड़कर केवल सांसद गए हैं, लेकिन लाखों शिवसैनिक आज भी उद्धव ठाकरे के साथ हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व महाराष्ट्र भर में उन वफादार कार्यकर्ताओं से मिलने का अभियान चला रहा है, जो अब भी शिवसेना (यूबीटी) के साथ मजबूती से खड़े हैं।
ये भी पढ़े…. पासपोर्ट और आधार कार्ड को नागरिकता का पक्का प्रमाण माना जाए, शशि थरूर बोले- कानून में करें संशोधन








