Home » राष्ट्रीय » मुख्यमंत्री ने की घोषणा, अब हर महीने के अंतिम रविवार को मनाया जाएगा ‘पंचायत विकास दिवस’

मुख्यमंत्री ने की घोषणा, अब हर महीने के अंतिम रविवार को मनाया जाएगा ‘पंचायत विकास दिवस’

Bihar News

Bihar News: बिहार सरकार ने ग्रामीण विकास को नई गति देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अब राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में हर महीने के अंतिम रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों को गरीबी मुक्त, स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। इसकी शुरुआत मुंगेर जिले के टेटिया बम्बर प्रखंड स्थित टेटिया ग्राम पंचायत से की गई। पहले आयोजन की थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’ रखी गई है, जिससे महिलाओं की भागीदारी और सशक्तीकरण को विशेष प्राथमिकता दी जा सके।

पंचायत स्तर पर विकास की बनेगी कार्ययोजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक माह आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस में पंचायत प्रतिनिधि, सरकारी अधिकारी और ग्रामीण एक साथ बैठकर स्थानीय समस्याओं पर चर्चा करेंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, जल प्रबंधन, स्वच्छता, हरित विकास, सामाजिक न्याय और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों की नियमित समीक्षा की जाएगी। साथ ही पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे गांवों तक पहुंच सके।

Bihar News: जनभागीदारी बढ़ाने पर रहेगा विशेष जोर

सम्राट चौधरी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता का अभियान होगा। उन्होंने सांसद, विधायक, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य और पंच सहित सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्राम सभाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उनका कहना था कि विकसित भारत और समृद्ध बिहार का सपना तभी साकार होगा, जब गांव आत्मनिर्भर और मजबूत बनेंगे।

महिला सशक्तीकरण और शिक्षा को मिलेगी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले पंचायत विकास दिवस की थीम महिला हितैषी पंचायत रखी गई है। उन्होंने कहा कि जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसके साथ ही ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा बड़ी संख्या में डिग्री महाविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

Bihar News: स्वास्थ्य, ऊर्जा और ग्रामीण विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लक्ष्य है कि आगामी स्वतंत्रता दिवस से अनुमंडल और जिला अस्पतालों में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए, जिससे मरीजों को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पतालों में भेजने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने बताया कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। साथ ही एक सौ पच्चीस इकाई तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा रही है तथा भविष्य में सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत विकास दिवस ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाला प्रभावी मंच सिद्ध होगा।

ये भी पढ़ें…सेशेल्स में PM Modi का बड़ा संदेश, ‘हिंद महासागर को अवसरों का महासागर बनाना है’