Home » चंडीगढ़ » क्या कांग्रेस छोड़ेंगे मनीष तिवारी? पंजाब चुनाव से पहले सियासत में बड़ी हलचल

क्या कांग्रेस छोड़ेंगे मनीष तिवारी? पंजाब चुनाव से पहले सियासत में बड़ी हलचल

Punjab Politics: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगने की आशंका जताई जा रही है। लोकसभा सांसद मनीष तिवारी के पार्टी छोड़ने की चर्चाओं ने सियासी हलकों में हलचल बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर पार्टी आलाकमान के फैसले से वह नाराज हैं।

पोस्ट से दिए नाराजगी के संकेत

कांग्रेस नेतृत्व के फैसले के एक दिन बाद मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक और तंज भरा पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, “है बड़ा कोई अवगुण उसमें जिसे कोई हुनर आवे।” इसके साथ उन्होंने कहा कि काश उनके पास लोगों और संस्थाओं की असुरक्षाओं का भी कोई इलाज होता। उन्होंने यह भी लिखा कि पिछले 45 वर्षों में उन्हें कांग्रेस से बहुत कुछ मिला है और उन्होंने भी अपना पूरा सार्वजनिक जीवन पार्टी की सेवा में समर्पित किया है। पोस्ट के अंत में उन्होंने अंग्रेजी गीत की पंक्ति “Que sera, sera… Whatever will be, will be” लिखते हुए संकेत दिया कि जो होना है, वह होकर रहेगा।

Punjab Politics: कांग्रेस ने नहीं बदला प्रदेश नेतृत्व

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि प्रताप सिंह बाजवा विधानसभा में विधायक दल के नेता की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।

चन्नी समेत कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सुखजिंदर रंधावा को कोर कमेटी, विजय इंदर सिंघला को चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति तथा अमर सिंह को घोषणापत्र समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सुखपाल सिंह खैरा, राणा गुरजीत सिंह और धर्मवीर गांधी को चुनाव अभियान समिति का सह-अध्यक्ष बनाया गया है।

Punjab Politics: अटकलों पर नजर

हालांकि मनीष तिवारी ने अभी तक कांग्रेस छोड़ने की औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके हालिया बयान और सोशल मीडिया पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यदि वह पार्टी छोड़ते हैं, तो पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका माना जाएगा।

ये भी पढ़े… WhatsApp Username होगा पूरी तरह Optional, कंपनी ने दूर कीं यूजर्स की बड़ी चिंताएं