Maharashtra News: शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अगर एक घंटे के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) उनके हवाले कर दी जाए, तो वे भाजपा के “10 टुकड़े” कर देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्षी दलों को तोड़ने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
‘भाजपा को दल तोड़ने का नशा चढ़ा है’
गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में राउत ने कहा कि भाजपा नेताओं को दूसरी पार्टियां तोड़ने की आदत पड़ चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भविष्य में तोड़ने के लिए कोई दूसरी पार्टी नहीं बचेगी, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह एक-दूसरे को ही तोड़ने लगेंगे।
Maharashtra News: तमिलनाडु का भी किया जिक्र
संजय राउत ने दावा किया कि तमिलनाडु में टीवीके के 15 विधायकों को तोड़ने के लिए कथित तौर पर 35-35 करोड़ रुपये तक की पेशकश की गई। उनके अनुसार, भाजपा का उद्देश्य सरकारों को अस्थिर करना और विपक्ष को कमजोर करना है।
‘लोकतंत्र पर हो रहा है हमला’
राउत ने आरोप लगाया कि मौजूदा दौर में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और विपक्ष को केंद्रीय एजेंसियों के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति रही तो भविष्य में लोगों को बताना पड़ेगा कि भारत में कभी लोकतंत्र भी हुआ करता था।
Maharashtra News: ED-CBI को लेकर दिया बड़ा बयान
शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा कि जिस दिन भाजपा सत्ता से बाहर होगी और विपक्ष सत्ता में आएगा, उसी दिन केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर भाजपा के 10 टुकड़े कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा, “सिर्फ एक घंटे के लिए ED और CBI हमारे हवाले कर दीजिए, 10 मिनट में भाजपा के 10 टुकड़े कर देंगे।” राउत के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में नई बहस छिड़ने की संभावना है।
ये भी पढ़े… OnePlus N6 आया गेम बदलने! 8000mAh बैटरी, दमदार फीचर्स और सेल की पूरी डिटेल








