Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » यूपी में IPS की मां की हत्या, लूट के बाद वारदात; हाथ में मिला इंजेक्शन का निशान

यूपी में IPS की मां की हत्या, लूट के बाद वारदात; हाथ में मिला इंजेक्शन का निशान

UP IPS Mother Murder:

UP IPS Mother Murder: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में लूट के बाद एक बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लखनऊ में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां इंद्रा देवी की शनिवार रात हत्या कर दी गई। वारदात के बाद उनके शरीर से सोने के आभूषण गायब मिले। पुलिस ने मामले में लूट और हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा और पुलिस अधिकारियों ने किया।

UP IPS Mother Murder: घर में अकेली थीं इंद्रा देवी-

इंद्रा देवी शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में अपने बेटे आशुतोष मिश्र के साथ शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के बाद आशुतोष शाम करीब छह-सात बजे लखनऊ लौट गए, जबकि इंद्रा देवी स्कूल में चल रहे वायरिंग के अधूरे काम को पूरा कराने के लिए वहीं रुक गई थीं। रात करीब 10 बजे आशुतोष ने अपनी मां से फोन पर बात भी की थी। रविवार सुबह करीब छह बजे उन्होंने दोबारा फोन किया, लेकिन उनकी मां ने फोन नहीं उठाया।

UP IPS Mother Murder: सुबह घर का दरवाजा बाहर से मिला बंद-

सुबह करीब नौ बजे घर में काम करने वाली पियारी देवी वहां पहुंचीं। मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर जाने पर उन्होंने इंद्रा देवी को कमरे में बेड पर पड़ा देखा। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर में कोई हरकत नहीं थी। इसके बाद पड़ोसियों को सूचना दी गई। पड़ोसी राम नायक ने मौके पर पहुंचकर उनके मुंह से कपड़ा निकाला और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

शरीर से गायब थे सोने के आभूषण-

आशुतोष मिश्र दोपहर करीब एक बजे मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान इंद्रा देवी के शरीर से सोने की चेन, कंगन, कुंडल और अंगूठी समेत अन्य आभूषण गायब मिले। उनके हाथ पर *इंजेक्शन लगाए जाने का निशान* भी मिला। इसके अलावा शरीर पर खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण-

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी प्राची सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह और थानाध्यक्ष शशांक शुक्ल समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। शाम करीब छह बजे अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घर के अंदर और छत पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।

लूट और हत्या का केस दर्ज-

IPS अधिकारी आशुतोष मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने लूट और हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हत्या से पहले महिला को कोई नशीला पदार्थ या इंजेक्शन दिया गया था या नहीं।

यह भी पढ़ें-बेटे पर झपटा बाघ, डंडा लेकर भिड़ गए पिता; 5 मिनट के संघर्ष के बाद जंगल भागा टाइगर