Breaking News
Home » Breaking News » 3 राज्यों में उपचुनाव का बजा बिगुल! बिहार, MP और गुजरात की सीटों पर 30 जुलाई को वोटिंग

3 राज्यों में उपचुनाव का बजा बिगुल! बिहार, MP और गुजरात की सीटों पर 30 जुलाई को वोटिंग

By Election 2026: भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। तीनों सीटों पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इन तीन सीटों पर होगा उपचुनाव

निर्वाचन आयोग के अनुसार, बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। इसके लिए 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। 13 जुलाई नामांकन की अंतिम तिथि, 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच और 16 जुलाई नाम वापसी की आखिरी तारीख तय की गई है।

By Election 2026: दतिया सीट क्यों हुई खाली?

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद रिक्त हुई। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को 7 हजार से अधिक मतों से हराया था। बाद में एक फर्जीवाड़े के मामले में दोषी ठहराए जाने के कारण उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई।

मांजलपुर में विधायक के निधन से उपचुनाव

गुजरात की मांजलपुर सीट भाजपा विधायक योगेश नारायणदास पटेल के निधन के कारण खाली हुई है। वर्ष 2022 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। पिछले महीने 79 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।

By Election 2026: बांकीपुर सीट पर भी होगा चुनाव

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।

EVM और VVPAT से होगा मतदान

निर्वाचन आयोग ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। आयोग के अनुसार, पर्याप्त संख्या में मशीनें उपलब्ध हैं और शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

ये भी पढ़े… आपकी सैलरी कितनी भी ज्यादा क्यों न हो, PF राशि 1800 रुपये ही कटेगी, क्या है EPFO का नया नियम?