Home » उत्तर प्रदेश » बदायूं में योगी की पुलिस का बड़ा एक्शन: 50 हजार का इनामी डकैत जितेंद्र उर्फ ढालू एनकाउंटर में ढेर, पुलिस पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

बदायूं में योगी की पुलिस का बड़ा एक्शन: 50 हजार का इनामी डकैत जितेंद्र उर्फ ढालू एनकाउंटर में ढेर, पुलिस पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

बदायूं में योगी की पुलिस का बड़ा एक्शन: 50 हजार का इनामी डकैत जितेंद्र उर्फ ढालू एनकाउंटर में ढेर, पुलिस पर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

Uttar Pradesh: उत्तर  प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार देर रात पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश मारा गया। इस दौरान बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

चेकिंग अभियान के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात जिलेभर में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में हाईवे पर एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो उसने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार और सिपाही अविनाश भी गोली लगने से घायल हो गए।

Uttar Pradesh:अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद घायल बदमाश और दोनों पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद जितेंद्र उर्फ ढालू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, उसे सीने के बाईं ओर गोली लगी थी। वहीं घायल दरोगा और सिपाही का इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Uttar Pradesh:कई जिलों में दर्ज थे एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि मारा गया बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू मूल रूप से हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के बछेड़ा गांव का रहने वाला था। वह संभल जिले में भी सक्रिय था और मई महीने में इस्लामनगर क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर आईजी बरेली रेंज ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ढालू के खिलाफ अमरोहा, नोएडा समेत कई जिलों में डकैती, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

हथियार और आभूषण बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाश के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और कुछ आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की पहचान कराई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका संबंध किन वारदातों से है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। मुठभेड़ से जुड़े सभी तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा और बरामद सामान की भी विस्तृत जांच की जाएगी। वहीं घायल पुलिसकर्मियों के इलाज पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

ये भी पढ़े…..सोने में मामूली गिरावट, चांदी में आधा फीसदी से ज्यादा उछाल, जानें ताजा भाव