Home » मध्य प्रदेश » 5 महीने से लापता ‘लड्डू गोपाल’ की तलाश में जुटी पुलिस, ग्वालियर में पहली बार बनी स्पेशल SIT

5 महीने से लापता ‘लड्डू गोपाल’ की तलाश में जुटी पुलिस, ग्वालियर में पहली बार बनी स्पेशल SIT

Mp news: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। आमतौर पर हत्या, लूट या बड़े अपराधों की जांच के लिए बनने वाली स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) इस बार किसी अपराधी की नहीं, बल्कि पांच महीने से लापता ‘लड्डू गोपाल’ की तलाश कर रही है। महिला की आस्था से जुड़े इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।

बचपन से साथ थे लड्डू गोपाल

ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित अलकापुरी निवासी विजया शर्मा भगवान श्रीकृष्ण की भक्त हैं। उनके मुताबिक, बचपन में उनकी नानी ने उन्हें लड्डू गोपाल की मूर्ति दी थी। तभी से वह उनकी सेवा-पूजा करती आ रही हैं और उन्हें परिवार के सदस्य की तरह अपने साथ रखती थीं। 29 जनवरी को विजया शर्मा अपनी बहन के साथ कोतवाली क्षेत्र की सब्जी मंडी खरीदारी करने गई थीं। इसी दौरान उनके लड्डू गोपाल कहीं गुम हो गए। उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस से मदद मांगी।

Mp news: पांच महीने तक अधिकारियों के चक्कर लगाती रहीं

विजया शर्मा का कहना है कि पिछले पांच महीनों में उन्होंने कोतवाली थाना, सीएसपी कार्यालय, एसएसपी कार्यालय और आखिर में ग्वालियर रेंज के आईजी कार्यालय तक कई बार गुहार लगाई। उनके लिए यह सिर्फ एक मूर्ति नहीं, बल्कि उनकी आस्था और जीवन का अहम हिस्सा है।

Mp news: आईजी के निर्देश पर बनी तीन थानों की संयुक्त SIT

महिला की भावनाओं को देखते हुए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने मामले की विशेष जांच के निर्देश दिए। इसके बाद सीएसपी किरण अहिरवार की निगरानी में कोतवाली, जनकगंज और माधोगंज थाने की पुलिस को मिलाकर संयुक्त SIT बनाई गई। टीम अब सब्जी मंडी और आसपास के इलाके में दोबारा जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है और हर संभावित सुराग पर काम किया जा रहा है।

महिला ने सब्जी विक्रेता पर जताया संदेह

जांच के दौरान विजया शर्मा ने उस सब्जी विक्रेता पर भी शक जताया, जिससे उन्होंने खरीदारी की थी। उनका कहना है कि उन्हें एक सपना भी आया था, जिसमें कुछ संकेत मिले। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों ने भी उन्हें संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी दी। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर की जा रही है। बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचे हर जानकारी और हर दावे का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस ने क्या कहा?

Mp news: ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद कुमार सक्सेना ने कहा कि यह मामला एक श्रद्धालु की गहरी आस्था से जुड़ा है। इसलिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है। उनका कहना है कि SIT का उद्देश्य उपलब्ध सभी सुरागों की जांच कर जल्द से जल्द लड्डू गोपाल को खोजकर महिला को सौंपना है।

 

ये भी पढ़ें: 12 हजार करोड़ का दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे दो महीने में ही उखड़ा! सड़क पर बने बड़े गड्ढे