Home » महाराष्ट्र » महाराष्ट्र की सियासत में हलचल! राज ठाकरे ने फडणवीस को लिखी खुली चिट्ठी, चुप्पी पर उठाए तीखे सवाल

महाराष्ट्र की सियासत में हलचल! राज ठाकरे ने फडणवीस को लिखी खुली चिट्ठी, चुप्पी पर उठाए तीखे सवाल

Maharashtra News: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को खुला पत्र लिखकर राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और भाजपा नेताओं के व्यवहार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में बैठे भाजपा नेताओं का अहंकार बढ़ गया है और अब उसका असर महाराष्ट्र की राजनीति में भी दिखाई देने लगा है।

राज ठाकरे ने लिखा कि महाराष्ट्र की राजनीति हमेशा अपनी शालीनता, संवेदनशीलता और राजनीतिक संस्कृति के लिए जानी जाती रही है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में राज्य की राजनीति भी उत्तर भारत के कुछ राज्यों जैसी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव बेहद चिंताजनक है।

अमित साटम विवाद पर फडणवीस को घेरा

राज ठाकरे ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित साटम से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि लोगों की मौत जैसे गंभीर मुद्दे पर यदि कोई जनप्रतिनिधि मुस्कुराता है और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती, तो इससे गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की चुप्पी ही नेताओं को “बेशर्म” बना रही है। उन्होंने लिखा, “सत्ता इंसान को भ्रष्ट करती है और निरंकुश सत्ता पूरी तरह भ्रष्ट कर देती है। आज भाजपा के कई नेता इसका उदाहरण बन चुके हैं।”

Maharashtra News: ‘महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति को बचाइए’

राज ठाकरे ने कहा कि वह देवेंद्र फडणवीस को हमेशा एक सभ्य और संवेदनशील मुख्यमंत्री मानते रहे हैं, लेकिन अमित साटम प्रकरण पर उनकी चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री समय रहते कड़ी प्रतिक्रिया देते, तो इस तरह की संवेदनहीन टिप्पणियों की हिम्मत किसी नेता की नहीं होती।

बालासाहेब और प्रमोद महाजन का किया जिक्र

अपने पत्र में राज ठाकरे ने कहा कि अपने 37 वर्षों के राजनीतिक जीवन में उन्होंने कभी नहीं देखा कि बालासाहेब ठाकरे, शरद पवार या प्रमोद महाजन जैसे नेताओं ने अपने किसी सहयोगी की गलती का बचाव किया हो। यही कारण था कि महाराष्ट्र की राजनीति की देशभर में अलग पहचान थी।

Maharashtra News: ‘अपनों को बचाकर राज्य की छवि खराब न करें’

मनसे प्रमुख ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वह अमित साटम जैसे नेताओं से इस्तीफा मांगें और अनुशासनात्मक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि इससे सरकार का संदेश स्पष्ट होगा और भविष्य में कोई जनप्रतिनिधि इस तरह की संवेदनहीनता दिखाने का साहस नहीं करेगा। राज ठाकरे ने अपने पत्र के अंत में लिखा कि महाराष्ट्र की जनता हमेशा अपने मुख्यमंत्री से स्पष्ट, संवेदनशील और जिम्मेदार नेतृत्व की अपेक्षा करती है। उन्होंने देवेंद्र फडणवीस से इस विश्वास को कायम रखने की अपील की।

ये भी पढ़े … Israel-US News: नेतन्याहू ने ट्रंप से की फोन पर बात, अमेरिका में बैठक पर बनी सहमति