Odisha news: ओडिशा के बौध जिले में रविवार को अचानक आई बाढ़ के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सलुंकी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से दो महिलाएं बीच नदी में फंस गईं। करीब चार घंटे तक दोनों तेज बहाव के बीच मदद का इंतजार करती रहीं। आखिरकार फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करने गई थीं महिलाएं
यह घटना बौध जिले के बाघियापाड़ा पंचायत के लक्ष्मीपदार गांव के पास की है। जानकारी के मुताबिक दोनों महिलाएं नदी के किनारे और बीच वाले हिस्से में जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करने गई थीं। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। देखते ही देखते दोनों महिलाएं नदी के बीच फंस गईं।
Odisha news: ग्रामीणों ने की कोशिश, फिर बुलानी पड़ी रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और महिलाओं को बचाने की कोशिश की। हालांकि, नदी का तेज बहाव इतना ज्यादा था कि ग्रामीण सफल नहीं हो सके। इसके बाद तुरंत फायर एंड इमरजेंसी सर्विस को सूचना दी गई।
Odisha news: चार घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही बौध फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
टल गया बड़ा हादसा
Odisha news: राहत की बात यह रही कि दोनों महिलाओं को किसी तरह की चोट नहीं आई। समय पर शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिली राहत; खराब मौसम के कारण 15 फ्लाइट्स डायवर्ट








