Breaking News
Home » राष्ट्रीय » बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा: बारिश से ढही मस्जिद की दीवार, दो की मौत, चार घायल

बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा: बारिश से ढही मस्जिद की दीवार, दो की मौत, चार घायल

Bulandshahr: बुलंदशहर में हादसा बारिश से ढही मस्जिद की दीवार

Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मुंडाखेड़ा गांव में मस्जिद की पुरानी दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में दीवार के सहारे टेंट लगाकर रह रहा एक परिवार आ गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

टेंट के नीचे खाना खाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मजदूरी कर जीवनयापन करने वाला परिवार मस्जिद की दीवार के सहारे पॉलीथिन का टेंट लगाकर रह रहा था। गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे परिवार के सदस्य टेंट के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान लगातार बारिश से कमजोर हुई मस्जिद की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया।

Bulandshahr: दो की मौत, चार घायल

हादसे में 45 वर्षीय सलीम और आजिब की मौत हो गई। वहीं सलीम की पत्नी फुल्लो (50), बेटियां जैनब (11) और नाजरीन (15) तथा रिजवान (16) घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Bulandshahr: बुलंदशहर में हादसा बारिश से ढही मस्जिद की दीवार

ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हथौड़ों और सब्बल की मदद से मलबा हटाकर सभी छह लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ), स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

Bulandshahr: दीवार गिरने के कारणों की जांच शुरू

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मस्जिद के पास स्थित पुराने सरकारी स्कूल की जमीन की खुदाई काफी गहराई तक की गई थी। आरोप है कि खुदाई के बाद मिट्टी नहीं भरी गई, जिससे लगातार बारिश के कारण दीवार की नींव कमजोर हो गई और वह ढह गई। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।