Rajasthan News: राजस्थान में तबादलों के अंतिम दिन राजस्व विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। रेवेन्यू बोर्ड अजमेर ने देर रात तहसीलदार, पटवारी, भू-अभिलेख निरीक्षक, राजस्व लेखा सेवा और राजस्व अधीनस्थ लेखा सेवा समेत कुल 1735 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए। शुक्रवार को प्रदेश में तबादलों की अंतिम तिथि होने के कारण देर रात तक विभिन्न विभागों की स्थानांतरण सूचियां जारी होती रहीं। राजस्व विभाग की यह सूची सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई मानी जा रही है। जारी आदेशों के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शीघ्र कार्यमुक्त होकर अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
552 और 924 पटवारियों-तहसीलदार के तबादले
रेवेन्यू बोर्ड अजमेर ने सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 552 तहसीलदारों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। इनमें अधिकांश अधिकारियों के जिले और पदस्थापन दोनों बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को उसी जिले में नई जिम्मेदारी दी गई है। इन आदेशों पर रेवेन्यू बोर्ड के रजिस्ट्रार महावीर प्रसाद के हस्ताक्षर हैं। इसके साथ ही 924 पटवारियों के अंतरजिला तबादले भी किए गए हैं। बड़ी संख्या में पटवारियों के स्थानांतरण से प्रदेश के राजस्व विभाग में व्यापक प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। इस सूची के जारी होने के बाद विभिन्न जिलों में नए पदस्थापन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
Rajasthan News: 165 भू-अभिलेख निरीक्षक का स्थानांतरण
राज्य सरकार ने 165 भू-अभिलेख निरीक्षकों के तबादले के आदेश भी तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए हैं। रेवेन्यू बोर्ड अजमेर की ओर से जारी सूची के अनुसार इन अधिकारियों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों और कार्यालयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा राजस्थान राजस्व अधीनस्थ लेखा सेवा के 80 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदस्थापन और स्थानांतरण के आदेश भी जारी किए गए हैं। संबंधित सभी कर्मचारियों को जल्द से जल्द नए कार्यस्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
14 अधिकारियों को पदोन्नति, कई जिलों में नई जिम्मेदारी
राजस्व विभाग में तबादलों के साथ पदोन्नति भी की गई है। राजस्थान राजस्व लेखा सेवा के 14 अधिकारियों को सहायक राजस्व लेखाधिकारी प्रथम से पदोन्नत कर राजस्व लेखाधिकारी बनाया गया है। शासन उप सचिव हरि सिंह मीणा की ओर से जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों की नियुक्ति अजमेर, जयपुर, सीकर, बीकानेर, नागौर, भरतपुर, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, कोटा और जोधपुर सहित कई जिलों में की गई है। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाते हुए राजस्व कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।
REPORT BY- RASHMI SHARMA
ये भी पढ़े… गुजरात: हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार अर्टिगा, 4 की मौत, 4 घायल, एक बच्चा सुरक्षित बचा








