UP Education Ranking: शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स फॉर डिस्ट्रिक्ट (PGI-D) 2025-26 जारी कर दिया है। इस रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश के जिलों की स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों के सीखने के स्तर, आधारभूत सुविधाओं, डिजिटल शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था का आकलन किया गया है। इस बार झांसी 318 अंकों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जबकि गाजियाबाद 310 अंकों के साथ दूसरे और गौतमबुद्ध नगर 307 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया। पिछले मूल्यांकन में गौतमबुद्ध नगर प्रदेश में पहले स्थान पर था।
UP Education Ranking: गौतमबुद्ध नगर की रैंकिंग में गिरावट-
प्रदेश के सबसे हाईटेक जिलों में गिने जाने वाले गौतमबुद्ध नगर में पिछले कुछ वर्षों में स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार किए गए हैं। इसके बावजूद PGI-D 2025-26 में जिला पहले स्थान से खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गया। वहीं, पिछले वर्ष चौथे स्थान पर रहा गाजियाबाद इस बार बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
UP Education Ranking: रिपोर्ट ने सुधार की जरूरत भी बताई-
रिपोर्ट के अनुसार, गौतमबुद्ध नगर और वाराणसी जैसे जिलों को शिक्षा की गुणवत्ता, सीखने के परिणाम, डिजिटल लर्निंग और प्रशासनिक व्यवस्था में अभी और व्यापक सुधार करने की आवश्यकता है। वाराणसी भी पिछली रैंकिंग की तुलना में दो स्थान नीचे खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
70 संकेतकों और 600 अंकों के आधार पर हुआ मूल्यांकन-
PGI-D 2025-26 रिपोर्ट राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप तैयार की गई है। इसमें देश के सभी जिलों का मूल्यांकन 600 अंकों के 70 संकेतकों के आधार पर किया गया। रिपोर्ट यू-डाइस प्लस (UDISE+), परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण-2024, प्रबंध पोर्टल और एनसीईआरटी के कक्षा 3, 6 और 9 के सीखने के स्तर से जुड़े आंकड़ों पर आधारित है।
इन छह मानकों पर हुई रैंकिंग-
जिलों का मूल्यांकन छह प्रमुख मानकों—लर्निंग आउटकम, प्रभावी कक्षा शिक्षण (ECT), आधारभूत सुविधाएं एवं छात्र अधिकार, स्कूल सुरक्षा एवं बाल संरक्षण, डिजिटल लर्निंग और प्रशासनिक व्यवस्था—के आधार पर किया गया। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि कई पिछड़े जिले आधारभूत सुविधाओं और स्कूल सुरक्षा के मामले में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन लर्निंग आउटकम और डिजिटल शिक्षा में अभी पीछे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए तकनीक आधारित शिक्षण और प्रभावी सीखने की प्रक्रिया पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।
उत्तर प्रदेश PGI-D 2025-26 टॉप-10 रैंकिंग-
1. झांसी – 318 अंक
2. गाजियाबाद – 310 अंक
3. गौतमबुद्ध नगर – 307 अंक
4. बागपत – 305 अंक
5. वाराणसी – 305 अंक
6. शामली – 302 अंक
7. महोबा – 302 अंक
8. कानपुर नगर – 301 अंक
9. गोरखपुर – 299 अंक
10. प्रयागराज – 299 अंक
यह भी पढ़े- दतिया: नरोत्तम मिश्रा ने सीएम मोहन यादव से की मुलाकात, भाजपा बोली- इस्तीफे स्वीकार नहीं होंगे








