Home » Breaking News » मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, कॉल में ‘दाऊद’ का नाम; जांच में जुटी पुलिस

मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, कॉल में ‘दाऊद’ का नाम; जांच में जुटी पुलिस

Taj Hotel Bomb Threat: मुंबई के प्रतिष्ठित ताज होटल को रविवार तड़के बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। आधी रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर दावा किया कि “दाऊद ने ताज होटल में बम रखा है।” सूचना मिलते ही मामला मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को भेजा गया और होटल परिसर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

बम निरोधक दस्ते ने की सघन जांच

धमकी मिलने के तुरंत बाद कोलाबा पुलिस, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन टीम और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) ताज होटल पहुंचे। होटल की मुख्य लॉबी, स्विमिंग पूल, बैंक्वेट हॉल, रेस्तरां, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

Taj Hotel Bomb Threat: तुर्भे से किया गया था धमकी भरा कॉल

तकनीकी जांच में सामने आया कि धमकी भरा फोन कॉल नवी मुंबई के तुर्भे क्षेत्र से किया गया था। पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर कॉल करने वाले की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। इस मामले में तुर्भे पुलिस स्टेशन की भी सहायता ली जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

धमकी के बाद ताज होटल और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस होटल परिसर और आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल किसी संदिग्ध व्यक्ति या विस्फोटक सामग्री के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

Taj Hotel Bomb Threat: पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

पुलिस के अनुसार ताज होटल को पहले भी इस तरह की धमकी मिल चुकी है। मौजूदा मामले में कॉल करने वाले की मंशा और उसके पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और होटल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ये भी पढ़े… राजभर के बयान से बढ़ी सियासी हलचल! बोले- ‘योगी सरकार को गुंडों का इलाज करना खूब आता है’