Home » उत्तर प्रदेश » यूपी में 12 घंटे में 363 PCS अधिकारियों के तबादले, जानें रातों-रात क्यों हुआ ताबड़तोड़ एक्शन?

यूपी में 12 घंटे में 363 PCS अधिकारियों के तबादले, जानें रातों-रात क्यों हुआ ताबड़तोड़ एक्शन?

UP PCS Transfer

UP PCS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए महज 12 घंटे के भीतर दो चरणों में कुल 363 प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों में सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। सरकार की ओर से रविवार देर रात पहली ट्रांसफर सूची जारी की गई, जिसमें 182 PCS अधिकारियों के नाम शामिल थे। जबकि सोमवार दोपहर दूसरी सूची जारी हुई, जिसमें 181 और अधिकारियों के तबादलों पर मुहर लगाई गई। 

कई वीवीआईपी जिलों के अधिकारी बदले

इस व्यापक तबादला सूची में लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, नोएडा और प्रयागराजसमेत कई अहम जिलों के अधिकारी शामिल हैं। सबसे ज्यादा असर अयोध्या जिले में देखने को मिला, जहां एक साथ कई अधिकारियों की तैनाती बदल दी गई।

UP PCS Transfer: पहली सूची में 182 अधिकारियों का हुआ तबादला

रविवार देर रात जारी पहली सूची में कुल 182 अधिकारियों के नाम शामिल थे। इनमें 54 महिला PCS अधिकारी भी शामिल हैं।

प्रमुख तबादले इस प्रकार हैं…

लवगीत कौर, एसडीएम हाथरस को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में ओएसडी (विशेष कार्याधिकारी) बनाया गया।

प्रज्ञा पांडेय, एसडीएम उन्नाव का तबादला बाराबंकी कर दिया गया।

कई अन्य जिलों के एसडीएम और डिप्टी कलेक्टर स्तर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

12 घंटे बाद दूसरी सूची से बढ़ी हलचल

पहली सूची के बाद अधिकारी नई तैनाती की तैयारी ही कर रहे थे कि सोमवार को दूसरी सूची जारी कर दी गई। इस सूची में 181 PCS अधिकारियों के तबादले किए गए, जिससे पूरे प्रशासनिक अमले में चर्चा तेज हो गई।

अयोध्या में सबसे ज्यादा बदलाव

रामनगरी अयोध्या में सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। यहां से 8 अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया।

नगर निगम अयोध्या के सहायक आयुक्त अशोक कुमार गुप्ता को सोनभद्र भेजा गया।

प्रवीण यादव का तबादला बलिया कर दिया गया।

इसके अलावा कई अन्य अधिकारियों की भी नई तैनाती की गई।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई जिलों के अधिकारियों को नई पोस्टिंग दी गई है—

निशांत तिवारी – ललितपुर से फतेहपुर

संजय यादव– गाजीपुर से प्रतापगढ़

नमन मेहता– बांदा से गोरखपुर

पिनाकमणि द्विवेदी – वाराणसी से फतेहपुर

इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न मंडलों और जिलों में भी बड़ी संख्या में अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।

UP PCS Transfer: चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखे जा रहे तबादले

प्रशासनिक हलकों में इस बड़े फेरबदल को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार लंबे समय से एक ही जिले या तहसील में तैनात अधिकारियों का समय-समय पर स्थानांतरण किया जाता है, ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जा सकें। सूत्रों के अनुसार, इस बार अधिकारियों की कार्यप्रणाली, प्रदर्शन और प्रशासनिक ग्रेडिंग को भी तबादलों का प्रमुख आधार बनाया गया है। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना बताया जा रहा है।

जबकि 363 PCS अधिकारियों के एक साथ हुए तबादलों के बाद प्रदेशभर में नए अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कई जिलों में नए एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी जल्द ही अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। इसे हाल के वर्षों का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।

ये भी पढ़े… उत्तर से दक्षिण तक विकास की नई राह, योगी राज में 60 हजार करोड़ की नई परियोजनाओं को मिली मंजूरी