Home » बिहार » बांकीपुर उपचुनाव: एनडीए की बड़ी जीत का दावा, विपक्ष पर हताशा में आरोप लगाने का आरोप

बांकीपुर उपचुनाव: एनडीए की बड़ी जीत का दावा, विपक्ष पर हताशा में आरोप लगाने का आरोप

Bankipur By-Election: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद ने दावा किया है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने विपक्ष पर चुनाव आयोग, प्रशासन और जीविका दीदियों को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में रविशंकर प्रसाद ने कहा कि एनडीए पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में है और भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर भाजपा के लिए गौरव की सीट है, क्योंकि यहां से पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

प्रशांत किशोर पर साधा निशाना

रविशंकर प्रसाद ने बिना नाम लिए प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले ही चुनाव आयोग, धनबल और प्रशासन पर सवाल उठाना विपक्ष की हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने से पहले ही ऐसे आरोप लगाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़ा करने जैसा है।

Bankipur By-Election: जीविका दीदियों पर टिप्पणी को बताया महिलाओं का अपमान

भाजपा सांसद ने कहा कि जीविका दीदियों पर लगाए गए आरोप बिहार की महिलाओं के सम्मान के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए विकास और सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहा है।

विकास कार्यों को बनाया चुनावी मुद्दा

रविशंकर प्रसाद ने अटल पथ, जेपी गंगा पथ, वंदे भारत ट्रेनों के विस्तार, पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल, पीएमसीएच पुनर्निर्माण तथा सड़क और पुल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता विकास कार्यों को देख रही है और उसी आधार पर मतदान करेगी।

Bankipur By-Election: जदयू और भाजपा ने भी विपक्ष पर साधा निशाना

जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की चुनाव प्रचार में अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें बिहार की जनता को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने जीविका दीदियों पर की गई टिप्पणियों की आलोचना करते हुए इसे दलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग की महिलाओं का अपमान बताया।

भाजपा विधान पार्षद नवल किशोर यादव ने भी दावा किया कि बांकीपुर की जनता विकास, शिक्षा और महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर मतदान करेगी तथा भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

ये भी पढ़े… राम मंदिर दान प्रकरण: यूपी सरकार ने नई SIT गठित की, IG किरण एस करेंगी जांच की अगुवाई