Bhind Road Accident: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम देवांश यादव की मौत हो गई, जबकि उसके दादा सुनील यादव घायल हो गए। यह हादसा शनिवार शाम देहात थाना क्षेत्र के कनकूरा गांव के पास नेशनल हाईवे-719 पर हुआ। हादसे में भाजपा की पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा की ब्रेजा कार शामिल बताई जा रही है।
Bhind Road Accident: ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा-
पुलिस के अनुसार, देवांश अपने दादा के साथ बाइक से भिंड बाजार जा रहा था। कुंवारी नदी पुल के पास वे ब्रेजा कार को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान कार चालक ने कथित तौर पर चलते वाहन का गेट खोल दिया, जिससे बाइक सीधे दरवाजे से टकरा गई।
Bhind Road Accident: सड़क पर गिरते ही कार के नीचे आया मासूम-
टक्कर इतनी तेज थी कि देवांश बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गया और कार के पहिए की चपेट में आ गया। सिर पर पहिया गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दादा सुनील यादव भी घायल हो गए।
गुटखा थूकने के लिए खोला था गेट, जांच जारी-
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार चालक गुटखा थूकने के लिए वाहन का गेट खोल रहा था। पुलिस का कहना है कि इस दावे की भी जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद लोगों का फूटा गुस्सा-
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान घटना का वीडियो बना रहे राहुल शर्मा के साथ भी मारपीट की गई और उनका मोबाइल छीन लिया गया। राहुल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाईवे पर लगा जाम, कार जब्त-
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम हटवाया गया। पुलिस ने ब्रेजा कार जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इकलौता बेटा था देवांश-
परिजनों के अनुसार, देवांश परिवार का इकलौता बेटा था। हाल ही में 1 जुलाई को उसका पहली कक्षा में दाखिला कराया गया था। हादसे के समय उसके पिता दुर्गेश यादव ट्रक लेकर महाराष्ट्र के औरंगाबाद गए हुए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह तुरंत गांव के लिए रवाना हो गए।
पोस्टमॉर्टम के बाद कार्रवाई की मांग-
रविवार को जिला अस्पताल में देवांश का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़े- यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह में MV AGN Ragnar मर्चेंट जहाज पर हुआ हमला








