Home » Breaking News » PM मोदी का वीडियो भारत में क्यों हुआ ब्लॉक? विवाद बढ़ते ही मेटा ने मानी तकनीकी गलती

PM मोदी का वीडियो भारत में क्यों हुआ ब्लॉक? विवाद बढ़ते ही मेटा ने मानी तकनीकी गलती

PM MODI VIDEO BANNED: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युवाओं के नाम जारी किया गया एक वीडियो फेसबुक पर भारत में कुछ समय के लिए ब्लॉक होने के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया। भाजपा ने इस पर मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, जिसके बाद कंपनी ने सफाई देते हुए कहा कि यह तकनीकी गड़बड़ी थी और वीडियो को दोबारा बहाल कर दिया गया है।

युवाओं के लिए जारी किया था वीडियो

नीट पेपर लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक सेल्फी वीडियो साझा किया था। वीडियो में उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा था कि कैबिनेट बैठक में पेपर लीक के खिलाफ और सख्त कदम उठाए जाएंगे तथा परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा।

PM MODI VIDEO BANNED: भारत में ही दिखा ‘उपलब्ध नहीं’ का संदेश

वीडियो अपलोड होने के कुछ दिनों बाद भारतीय यूजर्स को इसे देखने पर संदेश दिखाई दिया कि “कानूनी अनुरोध के कारण यह सामग्री आपके क्षेत्र में उपलब्ध नहीं है।” इससे यह सवाल उठने लगे कि भारत में ही प्रधानमंत्री का वीडियो क्यों प्रतिबंधित किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह उपलब्ध था।

भाजपा ने मेटा से मांगा जवाब

भाजपा की आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख प्रीति गांधी ने मेटा को टैग करते हुए कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रधानमंत्री का युवाओं के लिए जारी संदेश ब्लॉक किया जाना मेटा की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

PM MODI VIDEO BANNED: मेटा ने मानी तकनीकी गलती

विवाद बढ़ने के बाद मेटा ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि वीडियो किसी कानूनी आदेश के कारण नहीं, बल्कि तकनीकी गड़बड़ी की वजह से गलती से हट गया था। कंपनी ने बताया कि समस्या दूर कर दी गई है और वीडियो को फिर से प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दिया गया है।

कंटेंट मॉडरेशन पर फिर उठे सवाल

घटना के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कंटेंट मॉडरेशन नीति और पारदर्शिता को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि बिना स्पष्ट कारण बताए किसी सार्वजनिक महत्व की सामग्री को प्रतिबंधित करना लोगों के सूचना के अधिकार से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।

ये भी पढ़े… असम-बिहार ने खोले राहत के दरवाजे, बंगाल पर टिकीं निगाहें; CJP का अगला कदम क्या?