Home » उत्तर प्रदेश » योगी सरकार ने किए 15 IPS अफसरों के तबादले, लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर बने तरुण गाबा

योगी सरकार ने किए 15 IPS अफसरों के तबादले, लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर बने तरुण गाबा

UP IPS Transfer

UP IPS Transfer: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में सबसे अहम नियुक्ति राजधानी लखनऊ में हुई है, जहां वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा को नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, अब तक इस पद पर तैनात अमरेंद्र के. सेंगर को पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना/इंटेलिजेंस) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें सुरक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। यह फेरबदल सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर जैसे महत्वपूर्ण पुलिस जोनों में भी बड़े स्तर पर जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

प्रयागराज और वाराणसी में भी नई तैनाती

सरकार की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार, पीयूष मोर्डिया, जो अब तक एडीजी वाराणसी जोन के पद पर कार्यरत थे, उन्हें प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार का तबादला पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस), मुरादाबाद में आईजी के पद पर किया गया है। वाराणसी जोन की जिम्मेदारी अब नवीन अरोरा संभालेंगे। इससे पहले वह एडीजी तकनीकी सेवाएं के पद पर तैनात थे।

UP IPS Transfer: गोरखपुर जोन को मिला नया एडीजी

राम कुमार को एडीजी लॉजिस्टिक्स के पद से स्थानांतरित कर गोरखपुर जोन का नया एडीजी बनाया गया है। वहीं, गोरखपुर जोन के एडीजी रहे मुथा अशोक जैन को डीजीपी, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। राज्य सरकार ने पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग में भी कई अहम बदलाव किए हैं।

आनंद सुरेशराव कुलकर्णी को भ्रष्टाचार निवारण संगठन से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश शासन में सचिव (गृह) बनाया गया है।

मोहित गुप्ता, जो अब तक सचिव (गृह) थे, उन्हें आईजी भ्रष्टाचार निवारण संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।

भगवान एस. श्रीवास्तव को एडीजी अभिसूचना से स्थानांतरित कर एडीजी तकनीकी सेवाएं बनाया गया है।

डॉ. संजीव गुप्ता एडीजी मुख्यालय के साथ-साथ एडीजी लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।

धर्मवीर को आईजी होमगार्ड्स से स्थानांतरित कर आईजी पीएसी (पूर्वी जोन), प्रयागराज बनाया गया है।

विनोद कुमार सिंह को डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद से स्थानांतरित कर आईजी विशेष जांच, लखनऊ नियुक्त किया गया है।

वहीं अब सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल कानून-व्यवस्था, खुफिया तंत्र और पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासकर लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर जैसे संवेदनशील शहरों और जोनों में नए अधिकारियों की तैनाती से पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की कोशिश की गई है।

ये भी पढ़े… इतिहास रचने के बाद बोली शर्मिला धनखड़- ‘स्वर्ण पदक मेरी मां को समर्पित’