Delhi Police Notice: NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ CJP (Cockroach Janta Party) के विरोध प्रदर्शन के दौरान और उसके बाद सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य संवैधानिक पदों को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है।इस मामले में दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने प्लेटफॉर्म से संबंधित पोस्ट और वीडियो को तुरंत हटाने या ब्लॉक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इन पोस्ट को अपलोड करने वाले अकाउंट की पूरी जानकारी भी मांगी गई है।पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही यह सामग्री संवैधानिक पदों को निशाना बनाती हुई नजर आ रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
अकाउंट यूजर की पूरी जानकारी मांगी
दिल्ली पुलिस ने एक्स से उस अकाउंट से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है, जिससे कथित आपत्तिजनक पोस्ट या वीडियो शेयर किए गए थे।पुलिस ने अकाउंट धारक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी के साथ-साथ लॉग-इन और लॉग-आउट से जुड़ी तारीख और समय की जानकारी भी मांगी है। इसके अलावा अकाउंट से संबंधित तकनीकी विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा गया है।
डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश
पुलिस ने एक्स को निर्देश दिया है कि संबंधित पोस्ट और वीडियो से जुड़े सभी डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि आगे की जांच में उनका इस्तेमाल किया जा सके।इसके अलावा पुलिस ने जांच में मददगार अन्य जरूरी जानकारी देने के लिए भी कहा है। साथ ही, भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की धारा 63(4) के तहत जरूरी प्रमाणपत्र भी मांगा गया है।
CJP प्रदर्शन के बाद बढ़ी जांच
दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई CJP के विरोध प्रदर्शन के बाद शुरू हुई है। प्रदर्शन से जुड़े कई वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे।इनमें से कुछ पोस्ट को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि संवैधानिक पदों के खिलाफ आपत्तिजनक, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक सामग्री फैलाई जा रही है।शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डिजिटल सबूत और संबंधित अकाउंट की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े…अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोले- पेपर लीक रोकने के लिए कानून नहीं, सख्त कार्रवाई जरूरी








