Home » राष्ट्रीय » अयोध्या में सावन मेले की तैयारियां तेज, राम मंदिर से निकलेगी भगवान श्रीराम की पालकी

अयोध्या में सावन मेले की तैयारियां तेज, राम मंदिर से निकलेगी भगवान श्रीराम की पालकी

Ayodhya Sawan Mela

Ayodhya Sawan Mela: सावन माह की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है और इसके साथ ही अयोध्या में एक महीने तक चलने वाले विश्व प्रसिद्ध सावन मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। बुधवार को कमिश्नर राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा और डीएम शशांक त्रिपाठी ने राम की पैड़ी और नया घाट क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान तीसरे और अंतिम सावन सोमवार को संभावित भीड़ को देखते हुए कांवड़ यात्रा का रूट भी फाइनल किया गया।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर

मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त शौचालय बनाए जा रहे हैं। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की संख्या भी बढ़ाई गई है। कांवड़ मार्ग को समतल किया जा रहा है, ताकि ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। प्रशासन ने पानी, बिजली और शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Ayodhya Sawan Mela: बारिश में भी सुरक्षित रहेगा कांवड़ मार्ग

बारिश के दौरान फिसलन की समस्या से बचने के लिए प्रमुख मार्गों पर बालू बिछाई जाएगी। मंदिरों के आसपास जूट मैटिंग लगाने की भी व्यवस्था की जा रही है। सरयू नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जल पुलिस की तैनाती रहेगी। नदी में फ्लोटिंग बैरियर लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान कर सकेंगे।

एटीएस और एसटीएफ की निगरानी में मेला

सावन मेले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी एटीएस, एसटीएफ और अतिरिक्त 12 कंपनी पीएसी के जवान करेंगे। भीड़ बढ़ने वाले दिनों में शहर में रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

Ayodhya Sawan Mela: पहली बार राम मंदिर से निकलेगी पालकी

इस बार सावन मेले का सबसे बड़ा आकर्षण भगवान श्रीराम की पालकी यात्रा होगी। पहली बार भगवान श्रीराम की पालकी राम मंदिर से मणि पर्वत तक जाएगी। यहां भगवान झूला उत्सव में विराजमान होंगे। इस विशेष आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। प्रशासन का लक्ष्य है कि पूरे सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जाए।

ये भी पढ़ें…खजौली में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1080 बोतलें बरामद