Home » मध्य प्रदेश » दतिया में 16.33% मतदान के बीच जुबानी जंग तेज, भाजपा ने विकास पर मांगे वोट; कांग्रेस बोली- इस बार टूटेगा अहंकार

दतिया में 16.33% मतदान के बीच जुबानी जंग तेज, भाजपा ने विकास पर मांगे वोट; कांग्रेस बोली- इस बार टूटेगा अहंकार

Datia By-Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। सुबह से मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला और शुरुआती घंटों में 16.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों समेत कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

Datia By-Election: 16.33 प्रतिशत मतदान, केंद्रों पर दिखा उत्साह

सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। कई ग्रामीण मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद लंबी कतारें लग गईं। जिला प्रशासन के अनुसार सभी 291 मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ और प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

सड़क की मांग पर गांव का मतदान बहिष्कार

बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर “सड़क नहीं तो वोट नहीं” का नारा लगाते हुए मतदान का बहिष्कार किया। सूचना मिलने पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की समझाइश के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने मतदान किया।

Datia By-Election: कांग्रेस-भाजपा ने ठोकी जीत की ताल
Datia By-Election
                                                                    Datia By-Election

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद ऐतिहासिक जीत का दावा करते हुए कहा कि मतदाता भाजपा के अहंकार को तोड़ेंगे। उन्होंने बसई में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथ में प्रवेश नहीं देने का आरोप भी लगाया।

वहीं भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मतदान से पहले मां पीतांबरा के दर्शन कर दतिया के विकास, युवाओं को रोजगार और भयमुक्त जिले की कामना की। बाद में मतदान केंद्र पहुंचकर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और भाजपा के पक्ष में व्यापक समर्थन मिलने का दावा किया।

कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान

उपचुनाव के लिए 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसएसबी सहित 16 कंपनियों के 1,422 जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं और सेक्टर मोबाइल दल लगातार गश्त कर रहे हैं।

Datia By-Election
                                      Datia By-Election
Datia By-Election: अधिकारियों ने लिया मतदान केंद्रों का जायजा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से चल रहा है तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

ये भी पढ़े… पाकिस्तान में पुलिस चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, 7 जवानों की मौत; 8 आतंकवादी ढेर