PM Modi on Congress: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन करते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले देश में बनने वाले अधिकांश हवाई अड्डों का नाम एक ही परिवार के सदस्यों पर रखा जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने इस परंपरा को बदलकर देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान देने का काम किया है।
एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर कांग्रेस पर निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पहले एयरपोर्ट का नामकरण सीमित राजनीतिक परिवार तक सिमट गया था। उन्होंने कहा कि अब सरकार देश के महान व्यक्तित्वों के नाम पर हवाई अड्डों का नाम रख रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि, पंजाब के एक एयरपोर्ट का नाम संत रविदास और भोगपुरम एयरपोर्ट का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है।
PM Modi on Congress: 18 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने बताया कि आंध्र प्रदेश के विकास को गति देने के लिए लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। उनके अनुसार, इन परियोजनाओं से राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उड्डयन क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाईं
पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 तक देश में 74 हवाई अड्डे संचालित थे, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर 166 हो गई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों के कारण अब छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों के लोग भी हवाई यात्रा का लाभ उठा रहे हैं।
PM Modi on Congress: उड़ान योजना के दूसरे चरण का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और मजबूत करने के लिए उड़ान (UDAN) योजना का दूसरा चरण शुरू किया गया है। इसके लिए 29 हजार करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ना तथा आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा को अधिक सुलभ बनाना है।
भोगपुरम एयरपोर्ट से क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट के शुरू होने से आंध्र प्रदेश के पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विशाखापट्टनम और उत्तर आंध्र क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।
ये भी पढ़े… कोलकाता पुलिस में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, जानिए किन थानों में हुए नए ओसी की तैनाती








